रामलीला एवं दशहरा महोत्सव : ऐतिहासिक होगा इस बार भी

उड़ते हनुमान और चलती मुद्रिका होगी आकर्षण का केन्द्र खास बातें तीन दिन वृंदावन की रासलीला होगी द्वारिकाधीश मंदिर में जयस्तंभ पर ढोल और शेर नृत्य में होगी प्रदेश स्तरीय प्रस्तुति देवल मंदिर में डंडा नृत्य और गोंडी नृत्य से बंधेगा समा

उड़ते हनुमान और चलती मुद्रिका होगी आकर्षण का केन्द्र
खास बातें
तीन दिन वृंदावन की रासलीला होगी द्वारिकाधीश मंदिर में
जयस्तंभ पर ढोल और शेर नृत्य में होगी प्रदेश स्तरीय प्रस्तुति
देवल मंदिर में डंडा नृत्य और गोंडी नृत्य से बंधेगा समा
इटारसी। नगरपालिका परिषद के तत्वावधान में एक शताब्दी पुराने दशहरा और रामलीला महोत्सव का इस बार भी ऐतिहासिक आयोजन गांधी मैदान और पुरानी इटारसी के दशहरा मैदान पर 21 सितंबर से होगा।
इस दौरान तीन दिन श्री द्वारिकाधीश मंदिर में तीन दिवसीय रासलीला महोत्सव, जयस्तंभ पर ढोल प्रदर्शन एवं शेर नृत्य, देवल मंदिर पुरानी इटारसी में पारंपरिक डंडा एवं गोंडी नृत्य आकर्षण का केन्द्र रहेंगे। इसके अलावा उड़ते हुए हनुमान और चलती हुई मुद्रिका, लंका दहन और अशोक वाटिका भी आकर्षण रहेंगे। इसी तरह से श्री द्वारिकाधीश मंदिर और श्री देवल मंदिर से श्रीराम बारात भी भव्य तरीके से निकाली जाएगी। यह निर्णय आज शाम यहां नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती सुधा अग्रवाल के निवास पर हुई श्रीरामलीला एवं दशहरा महोत्सव समिति की बैठक लिए गए।
विधायक प्रतिनिधि कल्पेश अग्रवाल, वरिष्ठ पत्रकार प्रमोद पगारे, नपा उपाध्यक्ष सभापति जसबीर सिंघ छाबड़ा, भरत वर्मा, भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के जिलाध्यक्ष जयकिशोर चौधरी, सभापति राकेश जाधव, मनीष ठाकुर, पार्षद राजकुमार यादव, गोविन्द श्रीवास्तव सहित नगर पालिका के अधिकारी और कर्मचारियों की मौजूदगी में कार्यक्रम की तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया। तय कार्यक्रम अनुसार 21 सितंबर से गांधी मैदान पर बालकृष्ण रामलीला एवं रासलीला अंतर्राष्ट्रीय संस्था वृंदावन और पुरानी इटारसी के सूखा सरोवर दशहरा मैदान पर श्री जगदंबा रामलीला मंडल द्वारा रामलीला मंचन प्रारंभ किया जाएगा। इस वर्ष भी पारिवारिक माहौल बनाने के लिए कुर्सियों पर बैठक व्यवस्था की जाएगी।

शेर नृत्य एवं ढोल प्रदर्शन
25 सितंबर को सुबह 11 बजे से जयस्तंभ चौक पर ढोल बाजे प्रदर्शन और शेर नृत्य का आयोजन किया जाएगा। इसमें प्रदेश स्तर पर ख्यातिप्राप्त सागर के शेर नृत्य कलाकार शामिल होंगे साथ ही प्रदेश स्तर के ढोल वादक भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।

श्रीराम बारात का आयोजन
25 सितंबर की शाम को 5 बजे से ही श्रीद्वारिकाधीश मंदिर से भगवान श्रीराम की बारात निकाली जाएगी। इसमें नगर के गणमान्य नागरिकों को शामिल होने का अनुरोध आयोजन समिति ने नागरिकों से किया है। 26 सितंबर को सुबह 11 बजे से देवल मंदिर परिसर में पारंपरिक डंडा नृत्य एवं गोंडी नृत्य का आयोजन होगा। इसी दिन शाम को 5 बजे से भगवान श्रीराम की बारात निकाली जाएगी।

वृंदावन की रासलीला का आकर्षण
वृंदावन की रासलीला का तीन दिवसीय आयोजन 22, 23 एवं 24 सितंबर को दोपहर 2 बजे से होगा। रासलीला में 22 सितंबर को ऊखल बंधन से प्रारंभ होगा। 23 सितंबर को कालीनागनाथन का मंचन तथा 24 को मुंदरी चोरी, मोर नृत्य का आयोजन का आकर्षक मंचन होगा।

दशहरा महोत्सव
30 सितंबर को गांधी मैदान और सूखा सरोवर मैदान पर दशहरा महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। गांधी मैदान पर रात 8 बजे से दशहरा महोत्सव प्रारंभ होगा। रावण दहन के बाद सूखा सरोवर मैदान पर रात 9 बजे दशहरा महोत्सव एवं रावण दहन होगा। विधायक प्रतिनिधि कल्पेश अग्रवाल ने बताया कि इस वर्ष शहरभर में विराजित होने वाली देवी प्रतिमाओं के लिए प्रोत्साहन स्वरूप शील्ड एवं प्रशस्ति पत्र भी प्रदान किए जाएंगे।

CATEGORIES
Share This
error: Content is protected !!