इटारसी। शहर में चल रहे गणेश महोत्सव को देखते हुए इटारसी पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था और कानून व्यवस्था को बनाए रखने के लिए सख्त कदम उठाए हैं। एसडीओपी वीरेंद्र मिश्र और थाना प्रभारी गौरव सिंह बुंदेला के मार्गदर्शन में, पुलिस ने गुंडों और बदमाशों के खिलाफ एक विशेष अभियान चलाया है।
पुलिस ने शहर में ड्यूटी पॉइंट बढ़ाए हैं और रूटीन पॉइंट्स के अलावा, बड़े पंडालों और भीड़-भाड़ वाले इलाकों में अतिरिक्त बल तैनात किया है। इसके साथ ही, मोबाइल वाहन लगातार गश्त कर रहे हैं और निगरानीशुदा बदमाशों पर विशेष नजर रखी जा रही है। किसी भी संदिग्ध व्यक्ति को तुरंत हिरासत में लिया जा रहा है।
सुरक्षा के इसी क्रम में, पुलिस ने देर रात तक खुलने वाली चाय, नाश्ते और गुटखा-पाउच की दुकानों को रात 11 बजे के बाद बंद करने के सख्त निर्देश दिए हैं। ऐसा इसलिए किया गया है, क्योंकि इन दुकानों के आसपास अक्सर गुंडे-बदमाशों का जमावड़ा होता था, जिससे आपराधिक घटनाएं होती रहती थीं।
पुलिस का मानना है कि इस सतर्कता और कड़ी कार्रवाई के चलते शहर में अपराधों में कमी आयेगी और बदमाशों में पुलिस का खौफ पैदा होगा। पुलिस ने आम जनता से भी सहयोग की अपील की है और कहा है कि वे किसी भी अपराध या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी पुलिस को दे सकते हैं। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।








