पहले दिन सांवरिया लांसर, रिलायंस ग्रुप और श्री श्याम फ्यूज ने दर्ज की रोमांचक जीत
इटारसी। शहर के खेल प्रेमियों के लिए बहुप्रतीक्षित ‘इटारसी प्रीमियर लीग : विधायक कप टूर्नामेंट का शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता के उद्घाटन अवसर पर खेल जगत और नगर की कई प्रमुख हस्तियां मौजूद रहीं। टूर्नामेंट के संयोजक जितेन्द्र ओझा, आयोजन समिति के अध्यक्ष राहुल चौरे, मनीष सेतपलानी, धर्मेन्द्र रणसूरमा, शैलेन्द्र पाली, राकेश दुबे सहित बड़ी संख्या में सीनियर और जूनियर खिलाड़ी इस ऐतिहासिक शुरुआत के गवाह बने।
उद्घाटन दिवस पर कुल 3 मुकाबले खेले गए, जिनमें सभी मैच 8-8 ओवर के बेहद रोमांचक और कांटेदार रहे।
मैच 1 : श्री श्याम फ्यूज ने ‘इंडियन फाइटर’ को 1 रन से हराया
टूर्नामेंट का पहला मुकाबला बेहद सांस रोक देने वाला रहा। टॉस इंडियन फाइटर ने जीता और पहले गेंदबाजी का फैसला किया। श्री श्याम फ्यूज ने निर्धारित 8 ओवरों में 73 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया। प्रमुख बल्लेबाज संदीप राजपूत, अमन मराठा रहे। लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंडियन फाइटर की टीम मैच की आखिरी गेंदों तक लडऩे के बाद भी 8 ओवर में 72 रन ही बना सकी और मात्र 1 रन से मैच हार गई। प्रमुख गेंदबाज अतीन्द्र, काशीराम रहे। मैन ऑफ द मैच काशीराम को शानदार गेंदबाजी के लिए प्रदान किया।
मैच 2 : सांवरिया लांसर्स ने अग्रवाल केटर्स को दी शिकस्त
दिन का दूसरा मुकाबला भी आखिरी ओवर तक खिंचा, जहां बल्लेबाजों ने शानदार खेल दिखाया। टॉस सांवरिया लांसर्स ने जीता और पहले गेंदबाजी चुनी। अग्रवाल केटर्स सुपर जाइंट्स ने पहले खेलते हुए 8 ओवर में 62 रन बनाए। प्रमुख गेंदबाज इमरान, उमेश खान रहे। सांवरिया लांसर्स ने सधे हुए अंदाज में लक्ष्य का पीछा करते हुए 63 रन बनाकर मैच अपने नाम कर लिया। प्रमुख बल्लेबाज बाबा, विवेक भदौरिया रहे। मैन ऑफ द मैच विवेक भदौरिया रहे।
मैच 3 : रिलायंस ग्रुप ने बीटीएस इलेवन को दी पटखनी
तीसरे मैच में रिलायंस ग्रुप के गेंदबाजों और बल्लेबाजों ने मिलकर अपनी टीम को एक शानदार जीत दिलाई। टॉस रिलायंस ग्रुप ने जीता और पहले गेंदबाजी का निर्णय लिया। बीटीएस इलेवन ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 8 ओवर में 52 रन बनाए। प्रमुख बल्लेबाज अखिलेश ठाकुर, अक्षत दुबे रहे। रिलायंस ग्रुप ने इस छोटे लक्ष्य को आसानी से पार करते हुए 55 रन बनाकर मुकाबला जीत लिया। मैन ऑफ द मैच लव दुबे रहे। (शानदार गेंदबाजी प्रदर्शन लव दुबे, राहुल सोलंकी ने किया।
मैच संचालन और मुख्य अतिथि
मैचों के दौरान कमेंटेटर के रूप में राकेश पांडे ने अपनी जोशीली आवाज से समां बांधा। स्कोरर की भूमिका में अमन दुबे और अल्लू जोशी रहे। अंपायरिंग का जिम्मा उत्तम खाड़े, हरीश दतोनिया, अतुल राठौर और सुदीप वाजपेयी ने बखूबी संभाला। उद्घाटन मैचों के दौरान खिलाडिय़ों का उत्साहवर्धन करने के लिए मैदान पर मुख्य अतिथि के रूप में अक्षत अग्रवाल, कुलभूषण मिश्रा, लखन बैस, राहुल चौरे, अनिल राही और राजेश शमा उपस्थित रहे। अतिथियों ने सभी खिलाडिय़ों से खेल भावना के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करने की अपील की।












