सोहागपुर/इटारसी। नर्मदापुरम पुलिस अधीक्षक साई कृष्णा एस थोटा के निर्देशन में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सोहागपुर पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने पिपरिया से नर्मदापुरम की ओर मारुति कार में अवैध रूप से ले जाई जा रही 15 पेटी शराब जब्त कर इटारसी के एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार 4 और 5 जून 2026 की दरमियानी रात को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक सफेद मारुति कार (एमपी 05 सीए 6355) में अवैध शराब ले जाई जा रही है। सोहागपुर मोड़ पर घेराबंदी कर जब पुलिस ने कार को रोका, तो चालक भागने लगा, जिसे स्टाफ की मदद से पकड़ा गया। कार की तलाशी लेने पर उसमें से 15 पेटी अवैध प्लेन मदिरा (कुल 750 क्वार्टर, 135 लीटर) बरामद हुई, जिसकी कुल कीमत 75,000 आंकी गई है।
कार चालक ने अपना नाम पीयूष उर्फ प्रवीण 22 वर्ष, निवासी भाट मोहल्ला इटारसी बताया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट की धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को सोहागपुर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा (जेल) में भेज दिया गया है। इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक विवेक यादव, सउनि अशोक सातनकर, सउनि गणेश राय और पुलिस टीम की मुख्य भूमिका रही।











