इटारसी। 69 वीं राज्य स्तरीय शालेय आर्चरी एवं फुटबॉल प्रतियोगिता के दूसरे दिन, यानी आज 5 अक्टूबर 2025 को, रोमांच और उत्साह अपने चरम पर रहा। निर्धारित समयनुसार प्रात: 10 बजे आर्चरी (तीरंदाजी) और फुटबॉल ग्राउंड पर मुकाबले शुरू हुए, जिसमें कई जिलों के खिलाडिय़ों ने शानदार प्रदर्शन किया।
तीरंदाजी (आर्चरी) ग्राउंड पर निशाना साधा
आर्चरी ग्राउंड पर सबसे पहले 30 मीटर वर्ग की बालिकाओं का इंडियन राउंड शुरू हुआ। जिला खेल अधिकारी श्रीमती वंदना रघुवंशी ने बताया कि इन मुकाबलों में खिलाडिय़ों ने बेहतरीन एकाग्रता का प्रदर्शन किया। 30 मीटर बालिका प्रथम वैष्णवी केवट जबलपुर 286, द्वितीय प्रस्तीवा रीवा 283, तृतीय किरण भोपाल 277 अंक रहीं। दोपहर के सत्र में, बालकों के 30 मीटर राउंड की प्रतिस्पर्धा हुई, जिसमें जबलपुर के खिलाडिय़ों का दबदबा रहा। 30 मीटर बालक प्रथम कुश नामदेव जबलपुर 309, द्वितीय जितिन यादव 305, तृतीय भाव जबलपुर 287 अंक रहे। 30 मीटर राउंड के बाद, उत्साह के साथ 20 मीटर के राउंड भी खेले गए।
आर्चरी ग्राउंड पर निर्णायक मंडल
आर्चरी के मुकाबलों को सफलतापूर्वक संपन्न कराने में निर्णायक मंडल की अहम भूमिका रही। इस दौरान अशोक कुमार यादव (विश्वामित्र), नंद लाल अहिरवार, शुभम सिंह सेन, जयंतीलाल, इंद्र कुमार यादव एवं अश्विनी मालवी उपस्थित रहे।
फुटबॉल ग्राउंड : गोलों की बरसात, एक बराबरी
फुटबॉल ग्राउंड पर कुल सात रोमांचक मैच खेले गए, जिनमें कई मुकाबले एकतरफा रहे, तो वहीं एक मैच ने दर्शकों को अंत तक बांधे रखा। इंदौर-रीवा के मैच में 9-0 से इंदौर की शानदार जीत। भोपाल-सागर में 12-7 से भोपाल का धमाकेदार प्रदर्शन। जनजाति कार्य विभाग और ग्वालियर में 17- 7 प्रतियोगिता की सबसे बड़ी जीत।
रीवा-नर्मदापुरम में 5-7 रीवा ने नर्मदापुरम को हराया। इंदौर-जबलपुर में 6-7 से इंदौर ने जबलपुर पर बड़ी जीत दर्ज की। जनजाति कार्य विभाग और भोपाल में बराबरी रही जो दिन का सबसे कड़ा मुकाबला रहा। सागर-ग्वालियर में 3-7 सागर ने ग्वालियर को मात दी। फुटबॉल मुकाबलों में इंदौर, भोपाल, और जनजाति कार्य विभाग की टीमों ने अपने शानदार खेल से दबदबा बनाए रखा।
फुटबॉल ग्राउंड पर निर्णायक मंडल
मैचों को निष्पक्षता के साथ संचालित करने के लिए निर्णायक की भूमिका में भरत भगवत सिंह, उमेश बारिया, देवेंद्र सिंह, राजेश बलिया, राजेश पटेल, रविंद्र नाथ और सुनील शुक्ला विशेष रूप से उपस्थित रहे।
निरीक्षक रहे मौजूद
प्रतियोगिता की पूरी व्यवस्था और निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए लोक शिक्षा संचालनालय से आए ऑब्जर्वर सालकांत सिंह बहादुर और अजीत गिलकी पूरे समय ग्राउंड पर उपस्थित रहे। प्रतियोगिता का उत्साह तीसरे दिन भी जारी रहेगा, जब बाकी वर्गों के मुकाबले खेले जाएंगे।








