इटारसी। भगवान विष्णु के अवतार विप्र समाज के आराध्य भगवान परशुराम जी के प्राकट्योत्सव पर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इस अवसर पर मंगलवार शाम खेड़ापति मंदिर सीपीई गेट से वाहन रैली निकाली गई। यह रैली मुख्य मार्गों से होते हुए परशुराम भवन पहुंची। रैली में बड़ी संख्या में समाज के युवा महिलाएं बच्चे शामिल हुए। जगह जगह रैली का स्वागत किया गया।
रैली में युवाओं ने भगवा झंडे और फरसा लहराकर शास्त्र और शस्त्र के पूजन का संकल्प लिया। विधायक डॉ सीतासरन शर्मा भी रैली में शामिल हुए समाज का स्वागत किया।
अब यह होगा
- 30 अप्रैल भगवान परशुराम जी का पूजन, अभिषेक एवं भोजन प्रसादी परशुराम मंदिर नेहरूगंज में।
पालकी यात्रा शाम 5 बजे परशुराम भवन से निकलेगी। - 1 मई : सुबह 9 बजे द्वारिकाधीश बड़ा मंदिर में यज्ञोपवीत संस्कार, शाम 4 बजे भव्य शोभायात्रा नगर भ्रमण करेगी।
शाम 7 बजे फ्रेन्डस स्कूल मैदान पर भगवान परशुराम जी की महाआरती, विप्र शिरोमणि सम्मान एवं प्रसादी वितरण होगा।
प्रतियोगिता में बच्चों और महिलाओं ने दिखाई प्रतिभा

जिला सर्व ब्राह्मण समाज महिला संगठन द्वारा भगवान परशुराम प्रगटोत्सव के तहत तीसरे दिन सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। रविवार शाम भवन में फैंसी ड्रेस, डांस एवं क्किवज प्रतियोगिता का आयोजन किया। प्रतियोगिता में समाज की महिलाओं, बच्चों एवं युवतियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। महिला सभा की अध्यक्ष ज्योति शर्मा ने बताया कि 26 अप्रैल से लगातार महिलाओं द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम किए जा रहे हैं, जिसमें समाज के युवा महिला एवं बच्चियों द्वारा बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रही है।
कल मंगलवार 29 अप्रैल को शाम 4 बजे सीपीई खेड़ापति मंदिर से आयोजित वाहन रैली में महिलाएं भी शामिल होंगी। शर्मा ने बताया कि मंगलवार शाम आनंद मेले का आयोजन किया जाएगा। मेले का शुभारंभ विधायक डॉ. सीतासरन शर्मा, पीयूष शर्मा, भाजपा जिला अध्यक्ष प्रीति शुक्ला, महिला संगठन की जिलाध्यक्ष अर्चना पुरोहित, नपा अध्यक्ष पंकज चौरे, ब्राह्मण समाज के जिला अध्यक्ष जितेंद्र ओझा की उपस्थिति में होगा। मेले में महिलाओं द्वारा व्यंजनों के स्टाल लगाए जाएंगे। 30 अप्रैल को पालकी यात्रा एवं 1 मई को परशुराम जी की शोभायात्रा में भी महिलाएं शामिल होंगी।