सिवनी मालवा। सिवनी मालवा में खाद की किल्लत से परेशान किसानों का गुस्सा गुरुवार को फूट पड़ा। बानापुरा कृषि उपज मंडी में खाद के लिए टोकन वितरण अचानक बंद कर दिए जाने से भड़के किसानों ने कृषि विभाग कार्यालय का घेराव कर दिया। इसी दौरान, कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष जीतू पटवारी ने वीडियो कॉल के जरिए किसानों से बात की।
पटवारी ने किसानों की समस्या सुनकर अपनी चिंता जाहिर की और उन्हें आश्वासन दिया कि वे इस मामले में मुख्यमंत्री मोहन यादव से बात करेंगे।दरअसल, बुधवार को सिवनी मालवा में खाद का एक रैक पहुंचा था। इसके बाद गुरुवार की सुबह से ही बड़ी संख्या में किसान टोकन लेने के लिए मंडी में कतार में लग गए थे। कुछ किसानों को टोकन मिलने के बाद अचानक वितरण रोक दिया गया, जिससे नाराज होकर किसान सीधे कृषि विभाग कार्यालय पहुंच गए और जमकर हंगामा किया।
हालात बिगड़ते देख, मौके पर थाना प्रभारी राजेश दुबे, कृषि विस्तार अधिकारी संजय पाठक, और डिप्टी कलेक्टर जय सोलंकी पहुंचे। किसानों ने अधिकारियों पर आरोप लगाया कि टोकन वितरण में पारदर्शिता नहीं बरती जा रही है और कुछ किसानों को ही प्राथमिकता दी जा रही है। करीब एक घंटे तक चली बहस के बाद, अधिकारियों ने किसानों को शांत कराया और उन्हें खाद की वास्तविक स्थिति के बारे में बताया।थाना प्रभारी राजेश दुबे ने कहा कि किसानों को भरोसा दिलाया गया है कि किसी भी किसान को खाद से वंचित नहीं किया जाएगा।











