इटारसी। थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम घाटली में चोरी की एक वारदात सामने आई है। अज्ञात आरोपी ने एक सूने मकान को निशाना बनाते हुए सोने-चांदी के कीमती आभूषणों पर हाथ साफ कर दिया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, फरियादी दिव्यांश 21 वर्ष, पिता सुदेश पटेल, निवासी ग्राम घाटली के घर को निशाना बनाया गया। यह वारदात 30 मार्च 2026 की दोपहर 11:30 से 15:30 बजे के बीच घटित हुई। मामले की रिपोर्ट 31 मार्च को पथरौटा थाने में दर्ज कराई गई।
अज्ञात चोर घर से लगभग 30,000 रुपये मूल्य के जेवर ले उड़े, जिनमें 10 जोड़ी चांदी की बिछिया, 01 जोड़ी सोने के कान के कुंडल, 02 नग सोने की नथनी शामिल है। पथरोटा पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता के तहत अज्ञात आरोपी के खिलाफ प्रकरण पंजीबद्ध कर लिया है। पुलिस मामले की विवेचना कर रही है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार करने का प्रयास कर रही है।










