इटारसी। विस्थापित गांव झालई साकई (नया माना) के ग्रामीण सोमवार को अपनी समस्याओं को लेकर एसडीएम कार्यालय पहुंचेंगे। आदिवासी समाज के नेता आकाश कुशराम ने बताया कि ग्रामीणों की मुख्य समस्याएं गाँव तक पहुँचने के लिए सड़क का न होना, बिजली के ज़्यादा बिल और अन्य मूलभूत सुविधाओं की कमी है।
ग्रामीणों का कहना है कि बारिश के मौसम में गांव तक पहुंचना और भी मुश्किल हो जाता है। अगर मौसम ठीक रहा, तो वे सोमवार, 25 अगस्त को सुबह 11 बजे एसडीएम कार्यालय में अपनी मांगे रखेंगे।
खटामा स्कूल की मरम्मत के लिए भी ज्ञापन
इसी ज्ञापन में एक अन्य समस्या को भी शामिल किया जाएगा। विनोद वारिवा ने जानकारी दी कि शासकीय प्राथमिक शाला खटामा की इमारत पिछले एक साल से क्षतिग्रस्त है। ग्रामीण इस संबंध में भी एसडीएम को ज्ञापन देकर स्कूल की जल्द मरम्मत कराने की माँग करेंगे, ताकि बच्चों की पढ़ाई में कोई रुकावट न आए।








