हाथ से हाथ जोड़ो अभियान मतदान केंद्र स्तर से चलेगा

इटारसी। नर्मदापुरम जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष सत्येंद्र फौजदार एवं मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी प्रवक्ता व नर्मदापुरम कांग्रेस मीडिया विभाग प्रभारी राजकुमार केलू उपाध्याय ने संयुक्त बयान जारी कर बताया कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी ने हाथ से हाथ जोड़ो अभियान 26 जनवरी 2023 से प्रारंभ करने के निर्देश दिए है जो कि जनसंवाद, पदयात्रा कैंपेन के रूप में नर्मदापुरम जिले के मतदान केंद्रों, ग्राम पंचायत स्तर, ब्लॉक स्तर, जिला स्तर तक दो माह तक किया जाएगा।
श्री फौजदार ने बताया कि मप्र कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष कमलनाथ के निर्देशानुसार जिले के गांव गांव में कांग्रेस का झंडा फहराकर यात्राए शुरू की जाएगी, जिले के प्रत्येक मतदान केंद्र,गांवों में बैठकें, डोर टू डोर जनसंपर्क, भारत जोड़ो यात्रा व हाथ से हाथ जोड़ो अभियान के मूल संदेश के साथ राहुल गांधी की भावना से देश जोडऩे के उनके संकल्प को जन जन तक पहुंचाने, केंद्र व प्रदेश की भाजपा सरकार की विफलताओं से आमजन की तकलीफों को उजागर किया जाएगा वही भारत जोड़ो यात्रा को लेकर,देशहित के भावनात्मक वीडियो भी दिखाए जायेंगे।
श्री उपाध्याय ने बताया कि हाथ से हाथ जोड़ो अभियान में जिला स्तर व राज्यस्तर पर कार्यकर्ता मेला सम्मेलन, कार्यकर्ता महासंगम का आयोजन होगा इस अभियान का समापन कांग्रेस की महारैली के रूप में होगा। वही महिला मार्च प्रियंका गांधी के नेतृत्व में प्रदेश की राजधानी भोपाल में होगा। मध्यप्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ जी के निर्देशानुसार यह अभियान 26 जनवरी 2023 से प्रारंभ होकर 2 माह तक जिले में चलाया जाएगा जिसमें कांग्रेस के मोर्चा संगठन, कांग्रेस विभाग/प्रकोष्ठ,निर्वाचित कांग्रेस जनप्रतिनिधि सहित सभी कांग्रेसजन सामूहिकता से सहभागिता करेंगे। 30 जनवरी 2023 तक गांधी चौपाल का कार्यक्रम भी पूर्ववत प्रत्येक विधानसभा में चलता रहेगा जिसमे लगभग 100 गांधी चौपाल आयोजित होगी।