इटारसी। रेलवे सुरक्षा बल, वाणिज्य और स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त दल ने शनिवार को रेलवे स्टेशन पर सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले कुल 22 लोगों के विरुद्ध रेल अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई।
उप स्टेशन प्रबंधक (वाणिज्य) एस.एस. मेनन, स्वास्थ्य निरीक्षक राहुल आरसे और आरपीएफ के सहायक उप निरीक्षक पुष्पेंद्र सिंह व प्रकाश बिल्लौरे की टीम ने स्टेशन परिसर में बिना अधिकार पत्र के खाद्य सामग्री बेचने और गंदगी फैलाने वाले 10 वेंडरों को पकड़ा।
आउटर क्षेत्र में सक्रिय 8 अनाधिकृत वेंडरों और जान जोखिम में डालकर पटरी पार करने वाले 4 व्यक्तियों पर भी कार्रवाई की गई। रेल प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इस तरह के औचक निरीक्षण और कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।










