इटारसी। आर्डनेंस फैक्ट्री रोड पर एक वैवाहिक समारोह से लौट रहे दो युवकों की बाइक एक खंभे से टकराने से एक की मौत हो गयी जबकि दूसरे की हालत गंभीर है। मृतक वरिष्ठ पत्रकार और बीमा अभिकर्ता ओमप्रकाश पटेल का छोटा पुत्र था जो सरकारी स्कूल में कार्यरत था।
मिली जानकारी अनुसार पत्रकार और बीमा अभिकर्ता ओमप्रकाश पटेल, निवासी नाला मोहल्ला का छोटा पुत्र बलराज पटेल अपने एक मित्र के साथ घर पर किसी विवाह समारोह में शामिल होने का कहकर आर्डनेंस फैक्ट्री गये थे। यहां से लौटते वक्त रात में करीब 1 बजे इनकी बाइक बिजली के पोल से टकरा गयी और दोनों घायल हो गये। बाद में बलराज पटेल का निधन हो गया जबकि एक अन्य युवक अभी घायल है और अस्पताल में उसका उपचार चल रहा है।
सूचना मिलने पर अस्पताल में ओम पटेल के मित्रों और पत्रकार भी पहुंचे तथा घटना की जानकारी ली और ओम पटेल को सांत्वना दी। बलराज पटेल का अंतिम संस्कार नर्मदापुरम में किया जाएगा। उनके नाला मोहल्ला स्थित निवास से अंतिम यात्रा दोपहर 12:30 बजे निकाली जाएगी।








