इटारसी। न्यास कॉलोनी स्थित साईं विद्या मंदिर स्कूल में आज उत्तर भारत के प्रसिद्ध शास्त्रीय नृत्य कथक की कार्यशाला में देश की सुप्रसिद्ध नृत्यांगना अभिषिक्ता मुखोपाध्याय (दिल्ली) ने बच्चों के सामने कथक की प्रभावी प्रस्तुति देकर उन्हें इस कला की बारीकियां सिखाईं। अभिषिक्ता मुखोपाध्याय ने कार्यक्रम की शुरुआत में भगवान बाल कृष्ण की मनमोहक अठखेलियों को नृत्य के माध्यम से प्रस्तुत किया। इसके बाद, उन्होंने बच्चों को बारी-बारी से मंच पर बुलाकर कथक नृत्य की मूलभूत बारीकियां सिखाईं।
बच्चों ने भी पूरे मनोरंजन और उत्साह के साथ इन तकनीकों को सीखा। उन्होंने कथक नृत्य की तकनीकी बारीकियों और विशेष रूप से चक्कर की बारीकियों को समझाते हुए एक प्रभावी प्रस्तुति दी। अभिषिक्ता ने कार्यक्रम के अंत में बच्चों को प्रेरक संदेश देते हुए कहा, जो जी करे, उसे दिल से और मेहनत से करो।
इस अवसर पर विशिष्ट अतिथियों में स्पिक मैके चैप्टर इटारसी के अध्यक्ष हेमंत शुक्ला, उपाध्यक्ष सुधीर गोठी, समन्वयक सुनील बाजपेयी, कमल दरड़ा, व स्कूल उपप्राचार्य मनीषा गिरोटिया शामिल रहीं। स्कूल संचालक ने कथक जैसी पारंपरिक नृत्य कला पर कम होते रुझान पर चिंता व्यक्त की और इसके प्रचार-प्रसार पर जोर दिया। उपस्थित अतिथियों ने इस नृत्य कला को स्वास्थ्य की दृष्टि से भी उपयोगी बताया। स्पिक मैके समन्वयक सुनील बाजपेयी ने स्कूल संचालक का आभार मानते हुए सभी आमंत्रित अतिथियों की उपस्थिति के लिए धन्यवाद किया।








