खेलो इंडिया की मशाल पहुंची इटारसी, स्वागत किया, रैली निकाली
इटारसी। मध्यप्रदेश के ग्वालियर में 30 जनवरी से 11 फरवरी तक होने वाले खेलो इंडिया के आयोजन की मशाल आज मध्यप्रदेश के विभिन्न जिलों से होती हुई नर्मदापुरम और इटारसी पहुंची। खेलो इंडिया के अधिकारी मशाल लेकर यहां पहुंचे थे। यहां गांधी मैदान पर स्वागत के बाद यहां से मशाल रैली निकाली गयी।
रैली में एसडीएम मदन सिंह रघुवंशी, नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष पंकज चौरे, वरिष्ठ खिलाड़ी एससी लाल, जिला हॉकी संघ के अध्यक्ष प्रशांत जैन, कार्यकारी अध्यक्ष शिरीष कोठारी, सचिव कन्हैया गुरयानी, चियर्स क्लब के अध्यक्ष तरुण पोपली, संजय गुरयानी सहित विभिन्न वरिष्ठ, युवा तथा नन्हे खिलाडिय़ों ने भाग लिया।

गांधी मैदान से हाथ में मशाल लेकर एसडीएम मदन सिंह रघुवंशी और नगर पालिका अध्यक्ष पंकज चौरे निकले। यह कारवां रेस्ट हाउस के सामने से महात्मा गांधी मार्ग होते हुए जयस्तंभ चौक पहुंचा, जहां अनेक गणमान्यजनों अधिवक्ता संघ अध्यक्ष संतोष गुरयानी, भारतीय सिंधु सभा के अध्यक्ष गोपाल सिद्धवानी, पत्रकार अनिल मिहानी, क्रिकेटर मनीष सेतपलानी, हॉकी खिलाड़ी गोलू भाटिया, मयंक जेम्स, अमजद गोलंदाज, अजय अल्वर्ट सहित अनेक खिलाडिय़ों ने मशाल थामी।
यहां से वापस गांधी मैदान पर आकर मशाल रैली का समापन हुआ। यहां से मशाल रायसेन जिला, भोपाल जिला होकर 29 जनवरी को ग्वालियर पहुंचेगी।