इटारसी। पश्चिम मध्य रेलवे के इटारसी आरपीएफ पोस्ट ने मुस्तैदी दिखाते हुए कर्नाटक के हुबली से अपहृत एक 16 वर्षीय नाबालिग बालिका को सकुशल बरामद कर लिया है। साथ ही उसे ले जा रहे 22 वर्षीय आरोपी युवक को भी हिरासत में लिया गया है। यह कार्रवाई आरपीएफ के वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में की गई।
आरपीएफ निरीक्षक मनीष पाण्डेय ने बताया कि 15 जुलाई को हुबली के कस्बापेट थाने से सूचना मिली थी कि अपहरण मामले का आरोपी बालिका को लेकर ट्रेन नंबर 15017 काशी एक्सप्रेस से जा रहा है। सूचना पर एएसआई मुकेश कुमार, प्रधान आरक्षक मो. राशिद, आरक्षक गोविंदराम, निर्मल पटेल और महिला आरक्षक नीतू यादव की विशेष टीम गठित की गई। रात करीब 9:10 बजे जैसे ही ट्रेन इटारसी स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 4 पर पहुँची, टीम ने जनरल कोच से दोनों को पहचान कर हिरासत में ले लिया।
बालिका को बाल कल्याण समिति के माध्यम से ‘मुस्कान संस्था’ की अभिरक्षा में भेजा गया था। शुक्रवार 17 जुलाई को हुबली से आई पुलिस टीम के सुपुर्द दोनों को कर दिया गया। हुबली पुलिस ने आरपीएफ की इस त्वरित कार्रवाई व ‘ऑपरेशन नन्हे फरिश्ते’ की सराहना की है।











