इटारसी। संयुक्त किसान मोर्चा के नेतृत्व में सोमवार को देवाशीष मैरिज गार्डन, इटारसी में 13 किसान संगठनों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि मूंग खरीदी को लेकर सरकार से ठोस व स्पष्ट आदेश की मांग की जाएगी।रणनीति के तहत 21 जुलाई को कमिश्नर को ज्ञापन सौंपकर सरकार को 23 जुलाई तक का समय दिया जाएगा। किसान नेताओं ने चेतावनी दी है कि यदि 23 जुलाई तक संतोषजनक आदेश जारी नहीं हुआ, तो 27 जुलाई से संयुक्त किसान मोर्चा के बैनर तले भोपाल के लिए तीन दिवसीय पैदल मार्च शुरू किया जाएगा।
बैठक में क्रांतिकारी किसान संगठन, किसान स्वराज्य संगठन, बीकेयू (टिकैट), नर्मदा बचाओ आंदोलन और आम किसान यूनियन सहित 13 प्रमुख संगठनों के प्रतिनिधि शामिल रहे। मोर्चा ने स्पष्ट किया कि किसानों के हक के लिए आंदोलन पूर्णतः शांतिपूर्ण व लोकतांत्रिक तरीके से जारी रहेगा।











