इटारसी। रेलवे कॉलोनी नयायार्ड (मालवी कॉलोनी) इलाके में मंगलवार रात मजदूरों के बीच आपसी विवाद ने खूनी रूप ले लिया। ठेकेदार द्वारा कमरा बदलने की बात पर हुए मामूली विवाद में एक मजदूर ने दूसरे के सीने पर घातक चाकू से वार कर दिया। इस सनसनीखेज वारदात से इलाके में दहशत फैल गई है। घायल मजदूर की हालत गंभीर बनी हुई है, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल नर्मदापुरम और वहां से भोपाल रेफर किया गया है। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया है।
क्या है पूरा मामला?
पुलिस के अनुसार, माखननगर थाने के ग्राम नया मालनी निवासी सुमरन धुर्वे पिता शिवचरण धुर्वे, उम्र 26 वर्ष अपने साथी के साथ ठेकेदार राजकुमार राजपूत के अधीन इटारसी यार्ड क्षेत्र में मजदूरी का काम कर रहा है। शिकायतकर्ता ने बताया कि वे लोग पहले यार्ड में ही एक पोल्ट्री फार्म में रुके थे, जहां बदबू आने के कारण ठेकेदार ने उन्हें 06 अक्टूबर को एयरटेल/माइक्रो टावर के सामने वाले एक अन्य कमरे में शिफ्ट कर दिया था। उस कमरे में पहले से ही सारणी बैतूल निवासी छोटू सल्लाम अपने दो अन्य साथियों के साथ रह रहा था।
कमरे में घुसने को लेकर हुआ खूनी विवाद


रात करीब 8:30 से 9:30 बजे के बीच जब सुमरन और उसका साथी उस कमरे में पहुंचे, तो छोटू सल्लाम ने उन पर भड़कते हुए कहा कि तुम लोग यहां क्यों आए हो, यहां पहले से ही हम लोग रह रहे हैं। जब उन्होंने ठेकेदार के कहने पर वहां रुकने की बात कही, तो आरोपी छोटू गालियां देने लगा। विरोध करने पर वह गुस्से में आ गया और रैक पर रखा चाकू उठाकर सीधे सुमरन के सीने पर घातक वार कर दिया। हमले में सुमरन के सीने से खून की धार बह निकली और वह लहूलुहान होकर गिर पड़ा। बीच-बचाव करने पहुंचे साथियों को भी आरोपी ने जान से मारने की धमकी दी।
फॉरेंसिक जांच में मिले खून के छींटे
घटना की गंभीरता को देखते हुए मौके पर फॉरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला टीम के ऋषिकेश यादव ने पहुंचकर तकनीकी जांच की। घर और बाहर मिले खून के छींटों की जांच के बाद विशेषज्ञों ने पुष्टि की है कि हमला बेहद घातक और जानलेवा हथियार से किया गया था, जिसके चलते मौके पर खून के निशान दूर तक फैल गए।
अस्पताल से रेफर, आरोपी पुलिस हिरासत में
घटना के तुरंत बाद ठेकेदार और साथियों ने घायल सुमरन को इटारसी के सरकारी अस्पताल पहुंचाया, जहां से उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे जिला अस्पताल नर्मदापुरम और उसके बाद भोपाल रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी छोटू सल्लाम को अपनी हिरासत में ले लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।










