इटारसी। लक्ष्य क्रिकेट एकेडमी दिसंबर माह के प्रथम सप्ताह में ऑल इंडिया लेदर बॉल क्रिकेट टूर्नामेंट करायेगा। यह घोषणा क्लब की ओर से आयोजित ग्रीष्मकालीन क्रिकेट शिविर के समापन अवसर पर की गई। क्लब ने क्रिकेटर सुमित बैस को श्रद्धांजलि अर्पित की।
गौरतलब है कि विगत एक मई से लगातार गांधी मैदान पर चल रहे लक्ष्य क्रिकेट एकेडमी के क्रिकेट कोचिंग कैम्प का विधिवत समापन 05 जून को गांधी स्टेडियम में हो गया। जोरदार बारिश व तेज हवाओं के बीच करीब 80 से अधिक प्रशिक्षुओं को नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष पंकज चौरे, सभापति राकेश जाधव, आनंद पब्लिक स्कूल के संचालक विजय मनवानी, पार्षद दिलीप गोस्वामी एवं हॉकी कोच कन्हैया गुरयानी के करकमलों से शील्ड व प्रमाणपत्र का वितरण किया गया।
कोचिंग स्टाफ के सदस्यों अतुल राठौर, नीरज झा, अभिताभ दुबे, अमित जयसवाल, मनीष सेतपलानी, सुमित परदेशी साटू व राकेश पांडेय ने सभी अतिथियों का स्वागत किया। अपने संबोधन में पंकज चौरे ने युवाओं को मैदान पर लगातार मेहनत करने व अपने प्रशिक्षकों का सम्मान करने का संदेश दिया। समापन समारोह में प्रशिक्षुओं के परिजनों ने भी हिस्सा लिया। सभी प्रशिक्षुओं को स्वल्पाहार का वितरण किया। 20 से ज्यादा प्रतिभावान बच्चों को पूरे साल सघन कोचिंग देने हेतु चयनित किया गया।











