इटारसी। कानून की सख्त फाइलों, मुकदमों की तारीखों और कोर्ट की कशमकश के बीच जब थोड़ी फुर्सत के पल मिलते हैं, तो माहौल कितना खुशनुमा हो जाता है—इसकी बानगी हाल ही में इटारसी न्यायालय परिसर में देखने को मिली। मौका था मध्य प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण नर्मदापुरम के मार्गदर्शन में आयोजित ‘उल्लास : एक अभिनव प्रयोग’ के तहत पुरस्कार वितरण समारोह का। तहसील विधिक सेवा समिति और रोटरी क्लब इटारसी के सौजन्य से हुए इस आयोजन ने कोर्ट के संजीदा माहौल में रंग घोल दिए।
जब जजों और वकीलों ने फुर्सत के पलों को जिया दिल से!
अध्यक्षता करते हुए जिला न्यायाधीश एवं तहसील विधिक सेवा समिति के अध्यक्ष आदित्य रावत ने बेहद अनूठे अंदाज में कहा कि कचहरी की भागदौड़ और व्यस्त दिनचर्या के बीच ऐसे आयोजन मानसिक ऊर्जा को रीचार्ज करते हैं। उन्होंने कहा कि खेल और बौद्धिक गतिविधियां न केवल दिमाग को तरोताजा रखती हैं, बल्कि आपसी भाईचारा, टीम स्प्रिंट और सौहाद्र्र को भी मजबूत करती हैं।
समारोह में न्यायिक मजिस्ट्रेट श्रीमती अनीता खजुरिया, श्रीमती आयुषी गुप्ता, यतिन अग्रवाल और श्रीमती प्राची कौरव की विशेष मौजूदगी ने कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाई। वहीं, रोटरी क्लब के अध्यक्ष सुनील दरड़ा, संयोजक दीपक जैन व संतोष गोरियानी, पूर्व अध्यक्ष दीपक अग्रवाल, ललित अग्रवाल और संदीप खंडेलवाल ने भी उपस्थित रहे। अधिवक्ता संघ के वरिष्ठ अधिवक्ता अरविंद गोयल और सचिव पारस जैन ने भी इस अनूठी पहल की मुक्तकंठ से सराहना की।
चौसर बिछी, दिमाग के घोड़े दौड़े और बाजीगरों को मिला सम्मान
27 से 31 अक्टूबर 2026 तक चले इस ‘उल्लास’ उत्सव में बौद्धिक और मनोरंजक प्रतियोगिताओं का ऐसा तांता लगा कि हर कोई अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए उत्सुक दिखा।
- 27 अक्टूबर : मनोरंजक प्रतियोगिता में सुश्री देवकी तिवारी ने अपनी कला और कौशल का लोहा मनवाते हुए पहला स्थान हासिल किया।
- 28 अक्टूबर : इस दिन की प्रतियोगिता में अनिल बाथरी और नीरज पटेल की जुगलबंदी ने बाजी मारी और उनकी जोड़ी प्रथम रही।
- 29 से 31 अक्टूबर (शतरंज महासंग्राम): तीन दिनों तक चले इस रोमांचक माइंड गेम में कुल 34 धुरंधरों ने हिस्सा लिया। फाइनल मुकाबला दो वकीलों के बीच बेहद कांटे का रहा, जिसमें अधिवक्ता स्वप्निल पटेल ने शानदार खेल दिखाते हुए प्रथम स्थान अपने नाम किया।
वहीं अधिवक्ता रक्षित शर्मा दूसरे और अधिवक्ता योगेश चावरे तीसरे स्थान पर रहे। शतरंज के विजेता अधिवक्ता स्वप्निल पटेल ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन कोर्ट परिसर के तनाव को दूर कर रचनात्मक और आनंदित पल बिताने का बेहतरीन मंच देते हैं।
अतिथियों के हाथों जब विजेताओं को पुरस्कार और सम्मान मिला, तो उनके चेहरों की चमक देखने लायक थी। कुल मिलाकर, यह आयोजन इटारसी न्यायालय परिसर के लिए एक ऐसा यादगार पन्ना बन गया, जहां न्याय की कुर्सी पर बैठे लोगों और न्याय की गुहार लगाने वालों के बीच अपनापन और उल्लास साफ झलकता नजर आया।











