भोपाल। मध्य प्रदेश में मानसूनी सिस्टम के प्रभाव से मौसम के मिजाज में लगातार बदलाव जारी है। पिछले 24 घंटों में भोपाल और नर्मदापुरम संभाग के जिलों में अधिकतम तापमान में 3.1 से 3.4 डिग्री सेल्सियस तक की बड़ी गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने आगामी दिनों के लिए भोपाल, नर्मदापुरम सहित कई जिलों में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है।
पिछले 24 घंटों का हाल
पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के ग्वालियर, चंबल, रीवा, जबलपुर और शहडोल संभागों में अधिकांश स्थानों पर बारिश दर्ज की गई। भोपाल और सागर संभागों में अनेक स्थानों पर, जबकि नर्मदापुरम संभाग में कुछ स्थानों पर वर्षा हुई। तापमान की बात करें तो नर्मदापुरम जिले का पचमढ़ी सबसे कम अधिकतम तापमान वाले शहरों में शीर्ष पर रहा, जहां का तापमान 24.8 डिग्री दर्ज किया गया। पचमढ़ी का न्यूनतम तापमान भी 19.6डिग्री रहा, जबकि नर्मदापुरम शहर का अधिकतम तापमान 27.8 डिग्री और बैतूल का 25.5 डिग्री दर्ज किया गया।
आगामी पूर्वानुमान और अलर्ट
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, 8 और 9 अगस्त को भोपाल, नर्मदापुरम, बैतूल और हरदा जिलों में कहीं-कहीं हल्की वर्षा होने की संभावना है। इन सभी जिलों में वज्रपात, गरज-चमक और 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की चेतावनी जारी की गई है। प्रदेश के रीवा, सतना, अनूपपुर, शहडोल और पन्ना जिलों में भारी बारिश के साथ वज्रपात और झोंकेदार हवाओं की चेतावनी दी गई है।
किसानों और आमजन के लिए एडवाइजरी
मौसम विभाग ने किसानों को सलाह दी है कि गरज-चमक और वज्रपात के दौरान खुले खेतों में काम न करें और पेड़ों या बिजली के खंभों के नीचे आश्रय न लें। तेज हवाओं और बारिश से बचाव के लिए कटी हुई उपज, बीज, उर्वरक और कृषि यंत्रों को जलरोधक तिरपाल से ढककर सुरक्षित स्थानों पर रखने की हिदायत दी गई है। बारिश के दौरान खेतों में सिंचाई और पौध संरक्षण रसायनों के छिड़काव से बचने को कहा गया है।










