---Advertisement---
Learn Tally Prime

निकली भगवान परशुराम की शोभायात्रा, प्रतिभाए हुईं सम्मानित

By
On:
Follow Us

इटारसी। जिला सर्व ब्राह्मण समाज द्वारा विप्र समाज के आराध्य भगवान परशुराम जी के प्रागट्योत्सव के तहत सोमवार शाम 5 बजे परशुराम भवन से भव्य शोभायात्रा निकाली।

पहली लाइन, सराफा बाजार, द्वारकाधीश मंदिर, जयस्तंभ चौक होकर यात्रा आरएमएस तिराहे से गांधी मैदान होकर फ्रेन्डस स्कूल मैदान पर संपन्न हुई। यहां संगीत, कला, प्रशासन, व्यापार, राजनीति एवं समाजसेवा के क्षेत्र में सक्रिय समाज की प्रतिभाओं को विप्र शिरोमणि सम्मान से नवाजा गया।

अनेक स्थानों पर स्वागत

शोभायात्रा का जगह-जगह समाजसेवी संगठनों द्वारा स्वागत किया गया। कई जगह पुष्पवर्षा की गई। अपने पारंपरिक परिधान कुर्ता, धोती, तिलक के साथ विप्र समाज के युवाओं ने हाथों में भगवान परशुराम का अस्त्र फरसा लहराकर अपनी शक्ति का प्रदर्शन किया।

कई समाजसेवी संगठनों ने विप्र समाज की शोभायात्रा का स्वागत कर शीतल पेय, आइसक्रीम का वितरण किया। शोभायात्रा में सजे-धजे घोड़ों का नृत्य आकर्षण का केन्द्र रहा। डीजे पर भगवान परशुराम जी के पराक्रम आधारित जोशीले भजनों पर युवाओं ने नृत्य कर जय-जय परशुराम के नारे लगाए।

एक सुसज्जित बग्गी में भगवान परशुराम जी की झांकी एवं मूर्ति स्थापित की गई थी। भारतीय संस्कृति की रक्षा का संकल्प लेते हुए जिला सर्व ब्राह्मण समाज युवा शाखा, महिला मंडल, युवती दल, परशुराम सेना समेत अन्य संगठनों ने हिस्सा लिया।

नर्मदापुरम, केसला, सोहागपुर, सिवनी मालवा समेत अन्य शहरों से विप्र समाज के प्रतिनिधि शोभायात्रा में सम्मलित हुए।
फ्रेन्डस स्कूल में आयोजित समारोह में सर्वप्रथम भगवान परशुराम जी का पूजन अर्चन अतिथियों द्वारा किया गया, इसके पश्चात पं. सोमेश परसाई के आचार्यत्व में विप्र युवाओं ने महाआरती की।

कार्यक्रम में समाज के संरक्षक नर्मदापुरम विधायक डा. सीतासरन शर्मा, पूर्व मंत्री विजय दुबे काकू भाई, सुनील तिवारी, मप्र तैराकी संघ प्रदेश अध्यक्ष पं. पीयूष शर्मा ने समाज की प्रतिभाओं को विप्र शिरोमणि सम्मान प्रदान किया। नपा की ओर से नपाध्यक्ष पंकज चौरे ने जयस्तंभ चौक पर यात्रा की अगवानी की।

अतिथियों ने समाज को संबोधित करते हुए कहा कि भगवान परशुराम जी स्वयं भगवान राम के अवतार हैं, वे अकेले ब्राह्मणों के नहीं बल्कि समूचे हिन्दू धर्म के आराध्य हैं, उन्होंने समाज को शस्त्र और शास्त्र दोनों के जरिए धर्म और संस्कृति की रक्षा का संदेश दिया।

पृथ्वी पर अपने पराक्रम और तेज बल से उन्होंने अधर्मियों का सर्वनाश किया। आज हमें उनके पदचिन्हों पर चलकर भारतीय संस्कृति और धर्म की रक्षा के लिए आगे आना है।

विधायक डा. शर्मा ने कहा कि ब्राह्मणों ने हमेशा समाज का मार्गदर्शन किया है, धर्म की रक्षा करना विप्रों का कर्तव्य है। हम समाज का पथ प्रदर्शक बनें, जिससे भारत देश उन्नति कर सके। जिला सर्व ब्राह्मण समाज के अध्यक्ष जितेन्द्र ओझा ने स्वागत भाषण दिया। नगर अध्यक्ष अधिवक्ता पं. अशोक शर्मा ने कार्यक्रम का संचालन किया।

इनका हुआ सम्मान:

संगीत के क्षेत्र में तीसरी कक्षा के होनहार छात्र अभिराज दुबे, कम उम्र में ही संगीत के क्षेत्र में महारथ हासिल करने पर।

पं. दिनेश जोशी उप पुलिस अधीक्षक वर्तमान में आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूराे प्रभारी

पं. शिवाकांत गुड्डन पांडेय समाजसेवा, राजनीति एवं व्यापार क्षेत्र में सफलता।

पं. हेमंत मधु शुक्ला समाजसेवा, निर्धन बच्चों की पढ़ाई में मदद एवं स्पिक मैके अध्याय के जरिए संगीत, कला एवं भारतीय संस्कृति को नई पहचान देने।

सोनतलाई के समाजसेवी पं. राजीव दीवान धर्म-कर्म के आयोजन में सहभागिता एवं समाजसेवा।

पं. रामशंकर तिवारी रेलवे सेवा एवं समाजसेवा के क्षेत्र में अग्रणी योगदान हेतु।

श्रीमती वंदना ओझा नगरीय निकाय चुनाव में पार्षद चुनकर समाज का नाम गौरवान्वित करने

श्रीमती कीर्ति संजय दुबे निकाय चुनाव में पार्षद बनकर समाज का नाम रोशन करने पर सम्मानित की गईं। 

For Feedback - info[@]narmadanchal.com
Join Our WhatsApp Channel
Advertisement
Royal Trinity

Leave a Comment

error: Content is protected !!