---Advertisement---

घर-परिवार में प्रेम की जरूरत, क्रोध नहीं क्षमा को बनाएं जीवन का आधार

By
—
On:
Follow Us
  • क्रोध जहर है, क्षमा अमृत; सरल भावों से जीवन बने सुखमय

इटारसी। क्रोध मनुष्य के जीवन में अशांति और तनाव का कारण बनता है। सामने वाला व्यक्ति यदि क्रोध में कुछ कह भी दे तो उसके शब्दों को मन पर लेकर बैठने की आवश्यकता नहीं है। शब्द चिपकने वाली वस्तु नहीं हैं। किसी ने कुछ कह दिया तो उसे वहीं छोड़ देना चाहिए। यह बात आर्यिका संघ प्रमुख भावनामति माताजी ने कही।

दूसरी लाइन के महावीर भवन में आर्यिका संघ का वर्षायोग चातुर्मास चल रहा है। संघ में आर्यिका भक्तिमति माताजी व सदयमति माताजी भी शामिल हैं। जैन समाज के दशलक्षण महापर्व पर प्रवचन में आर्यिका संघ प्रमुख भावनामति ने कहा कि क्रोध आग के समान है। जब तक नीचे आग रहेगी, दूध उबलता रहेगा, लेकिन आग शांत होते ही दूध अपने आप शांत हो जाएगा। इसी प्रकार सामने वाला व्यक्ति यदि क्रोध में है तो हमें नरम हो जाना चाहिए। थोड़ी देर मौन रहने पर उसका क्रोध भी अपने आप शांत हो जाएगा। क्रोध जहर है और जहर से दूर रहना ही समझदारी है।

उन्होंने कहा कि आज घर-घर में तनाव देखने को मिल रहा है। दाम्पत्य जीवन में भी संघर्ष बढ़ रहा है। पति-पत्नी एक ही छत के नीचे रहते हैं, लेकिन आपसी प्रेम और स्नेह का अभाव दिखाई देता है। केवल साथ-साथ रहना पर्याप्त नहीं है, बल्कि प्रेमपूर्वक साथ रहना जरूरी है। आज परिवार और समाज को सबसे अधिक आवश्यकता प्रेम की है।

माताजी ने कहा कि जिन घड़ियों में हम हंस सकते हैं, उन घड़ियों में रोना क्यों? जीवन में दूसरों को गिराने के बजाय गिरे हुए को उठाने का प्रयास करना चाहिए। किसी को न उठाएं तो कोई बात नहीं, लेकिन किसी को गिराएं नहीं—यही भी बड़ी बात है।

उन्होंने कहा कि क्रोध आने पर जीभ पर नियंत्रण और मौन को अपना लेना चाहिए। उत्तम क्षमा को जीवन में उतारकर ही क्रोध पर विजय पाई जा सकती है। उन्होंने कहा कि क्रोध में कही गई बातों को यदि सामने वाला व्यक्ति हंसकर टाल दे तो विवाद की स्थिति ही समाप्त हो जाती है। इसलिए क्रोध को भगाइए और क्षमा को अपनाइए।

सरल भाव ही आर्जव धर्म : 

आर्यिका भावनामति ने उत्तम आर्जव धर्म की व्याख्या करते हुए कहा कि सरल भावों को आर्जव कहते हैं। मनुष्य उपवास करे, धार्मिक अनुष्ठान करे और दस धर्मों की आराधना करे, लेकिन उसके व्यवहार में सरलता नहीं आई तो उसकी साधना अधूरी है। दुनिया की नजरों में व्यक्ति धर्मात्मा बन सकता है, लेकिन परमात्मा की नजरों में सच्चा धर्म तभी है, जब उसके भीतर सरलता और निश्चलता हो।

उन्होंने कहा कि दूसरों को धोखा देना वास्तव में स्वयं को धोखा देना है। जीवन में सफलता छल-कपट से नहीं, बल्कि पुण्य के उदय से प्राप्त होती है। बाहर से कुछ और और अंदर से कुछ और होना ही कपट है। हमारा घर-परिवार और समाज इस प्रकार के व्यवहार से मुक्त होना चाहिए।

माताजी ने कहा कि केवल मीठा बोलने वाला व्यक्ति हमेशा सरल और निष्कपट हो, यह आवश्यक नहीं है। इसलिए व्यक्ति को अपने विवेक से व्यवहार करना चाहिए। अपने बनकर ही कई बार लोग विश्वास को ठेस पहुंचाते हैं। इसलिए कथनी और करनी में एकरूपता होना आवश्यक है।

उन्होंने कहा कि जहां कुटिलता का अभाव और सरलता का भाव होता है, वहीं आर्जव धर्म प्रकट होता है। माया और कपट आत्मा को बांधने वाले कषाय हैं। इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को मायाचारी और छल-कपट से स्वयं को मुक्त करने का पुरुषार्थ करना चाहिए।

आर्यिका भावनामति ने कहा मन, वचन और कर्म की कपटता छोड़कर निश्चल बुद्धि अपनाएं। कथनी और करनी एक हो, दशा कुछ और दिशा कुछ न हो—यही सच्ची सरलता है।

Rohit Nage

रोहित नागे वरिष्ठ पत्रकार एवं समाचार संपादक हैं, जिन्हें प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया में तीन दशक से अधिक का अनुभव है। उन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय, भोपाल से पत्रकारिता में स्नातक किया है तथा लोक प्रशासन में स्नातकोत्तर उपाधि प्राप्त की है। अपने पत्रकारिता जीवन में उन्होंने दैनिक भास्कर, दैनिक जागरण, राज एक्सप्रेस, पीपुल्स समाचार, नवभारत सहित अनेक प्रतिष्ठित समाचार संस्थानों में रिपोर्टर, उप-संपादक, ब्यूरो प्रमुख एवं न्यूज़ इंचार्ज के रूप में कार्य किया है। वे Narmadanchal.com के रिपोर्टर, उप-संपादक, एवं न्यूज़ इंचार्ज के रूप में कार्य कर रहे हैं और नर्मदांचल क्षेत्र की निष्पक्ष, तथ्यपरक एवं जनहित से जुड़ी पत्रकारिता के लिए जाने जाते हैं। वर्तमान में वे मध्य प्रदेश की राजनीति, प्रशासन, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय समाचारों पर विशेष रूप से लेखन एवं संपादन कार्य कर रहे हैं।

For Feedback - info[@]narmadanchal.com
Join Our WhatsApp Channel

Advertisement

Related News

Narmadanchal News
Privacy Overview

This website uses cookies so that we can provide you with the best user experience possible. Cookie information is stored in your browser and performs functions such as recognising you when you return to our website and helping our team to understand which sections of the website you find most interesting and useful.