– शादी का झांसा देकर दो युवतियों के साथ हुआ दुष्कर्म
इटारसी। केसला थाना क्षेत्र स्थित अलग-अलग गांव में रहने वाली दो युवतियों के साथ दुष्कर्म की घटना हुई है। घटना की शिकायत पीडि़ताओं ने केसला थाने में की है। बताया जा रहा है कि आरोपियों ने शादी का झांसा देकर उनके साथ कई सालों तक दुष्कर्म किया। पुलिस के अनुसार मांदीखोह ग्राम निवासी 26 वर्षीय युवती का इसी गांव में रहने वाले झाम सिंह भुसारे के बीच प्रेम चल रहा था। प्रेमी उसे शादी का झांसा देकर 4-5 साल तक दुष्कर्म करता रहा। जब युवती ने प्रेमी पर शादी के लिए दबाव बनाया तो प्रेमी ने इनकार कर दिया।
बताया जा रहा है कि दो दिन बाद वह किसी अन्य युवती के साथ विवाह कर रहा है। तब प्रेमिका ने केसला थाना पहुंचकर आरोपी प्रेमी के खिलाफ शिकायत की है। इसी तरह से गोमतीपुरा ग्राम निवासी 23 वर्षीय युवती के साथ सिवनी मालवा क्षेत्र निवासी लक्ष्मीनारायण ने दुष्कर्म किया। बताया जा रहा है कि उनके बीच भी प्रेम संबंध थे, आरोपी प्रेमी 3-4 साल से शादी का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म करता रहा। प्रेमी आर्मी का जवान है। अब उसने भी विवाह करने से इनकार कर दिया। उसका भी विवाह कुछ दिन बाद है। उक्त प्रेमिका ने भी केसला थाना पहुंचकर प्रेमी के खिलाफ शिकायत की है। पुलिस ने इस मामले में दोनों आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।