मदन शर्मा, नर्मदापुरम। पतित पावनी मां नर्मदा का जन्मोत्सव कल 16 फरवरी को मनाया जाएगा। नर्मदा जयंती महोत्सव के कार्यक्रम आज से ही प्रारंभ हो गये हैं। आज मंगलाचरण से दो दिवसीय नर्मदा जयंती महोत्सव का शुभारंभ हो गया। सुबह 9 बजे सेठानी घाट पर मां नर्मदा पूजन, आरती, भजनांजलि की गई। इस अवसर पर नपा अध्यक्ष श्रीमती नीतू महेंद्र यादव मध्य प्रदेश खेल प्रकोष्ठ के सहसंयोजक पीयूष शर्मा, विधायक प्रतिनिधि महेंद्र यादव, सीएमओ नवनीत पांडे एवं सभी पार्षद उपस्थित थे। कल विश्व प्रसिद्ध सेठानी घाट पर जलमंच पर होने वाले मुख्य समारोह में मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शिरकत करेंगे। इस अवसर पर जिले के सभी विधायक सहित अन्य सभी जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ नेतागण भी मौजूद रहेंगे।
कलेक्टर सोनिया मीना के निर्देशानुसार सेठानीघाट पर नर्मदा जयंती महोत्सव मनाने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां की गई हैं। आयोजन समिति ने उक्त जानकारी देते हुए बताया है कि नर्मदा जयंती महोत्सव का आयोजन 16 फरवरी को होगा। प्रात: 9.30 बजे मां नर्मदा जन्मोत्सव, दोपहर 3 बजे से मोरछली चौक से कलश यात्रा निकाली जाएगी। सायं 5 बजे से रात्रि 8.30 बजे तक जलमंच से मुख्य कार्यक्रम होगा तथा रात्रि 8.30 बजे से सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे।
सेठानी घाट पर सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे
मां नर्मदा जयंती की संध्या पर नर्मदा तट के पावन सेठानी घाट पर सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे जिसमें भोपाल के मथुरा प्रसाद एवं टीम द्वारा बुंदेली लोक गायन, हरीश शर्मा एवं टीम द्वारा नर्मदा केंद्रित नाटिका और आकृति मेहरा एवं टीम द्वारा भक्ति गायन की प्रस्तुति दी जाएगी।
इस प्रकार रहेगी यातायात व्यवस्था
नर्मदा जयंती के अवसर पर श्रद्धालुओं की सुविधा एवं व्हीआइपी भ्रमण की संभावना को दृष्टिगत रखते हुए यातायात व्यवस्था में परिवर्तन किया गया है। इस तरह से रहेगी यातायात व्यवस्था
- – एकता चौक, इंद्रा चौक, हलवाई चौक, सेंट्रल बैंक तिराहा से नर्मदा घाट की ओर जाने वाले मार्गों पर समस्त प्रकार के वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा
- – सेठानी घाट की ओर जाने वाले श्रद्धालुओं के दो पहिया वाहनों की पार्किंग सेठ गुरु प्रसाद स्कूल मैदान में निर्धारित की गयी है, अत: अस्पताल तिराहा से केवल दो पहिया वाहन, विशिष्ट व्यक्तियों के वाहन एवं शासकीय कार्य में लगे अधिकारियों के वाहन जा सकेंगे।
- – शहर के अंदरूनी मार्गों पर श्रद्धालुओं की सुविधा की दृष्टि से एवं वीआईपी आवागमन के मार्ग पर सुरक्षा की दृष्टि से सड़क के किनारे किसी भी प्रकार के वाहन का खड़ा करना प्रतिबंधित रहेगा। वीआईपी मार्ग हेलीपेड से केन्द्रीय विद्यालय, एसपीएम के अंदर से सर्किट हाउस, कोठी बाजार और कलेक्ट्रेट तक रहेगा एवं भोपाल मार्ग रहेगा।
- – एकता चौक से पर्यटन घाट होकर झंडा चौक तक जाने वाले मार्ग में विशिष्ट अतिथिगणों के वाहनों हेतु पिक एंड ड्रॉप की सुविधा उपलब्ध रहेगी। अतिथियों को ड्रॉप करने के पश्चात् वाहन सेठ गुरु प्रसाद स्कूल मैदान या एसएनजी मैदान पर वाहन पार्क कर सकेंगे। उक्त मार्ग पर किसी भी प्रकार के वाहन की पार्किंग प्रतिबंधित रहेगी।
- – व्यवस्था में लगे समस्त शासकीय वाहन संबंधित अधिकारी को कर्तव्य स्थल पर छोड़कर सेठ गुरु प्रसाद स्कूल मैदान या एसएनजी मैदान पर वाहन पार्क करेंगे। पुलिस प्रशासन ने निर्धारित व्यवस्था का पालन करने और सहयोग की अपील की है।
पार्किंग व्यवस्था निम्न रहेगी
- – सेठ गुरु प्रसाद स्कूल मैदान – केवल दो पहिया वाहन,विशिष्ट अतिथि व शासकीय वाहन।
- – एसएनजी मैदान – समस्त दो पहिया व चार पहिया वाहन
- – दशहरा मैदान -समस्त दो पहिया व चार पहिया वाहन।