मध्यप्रदेश हॉकी अकादमी ने जीता लगातार दूसरा राष्ट्रीय खिताब
प्रथम हॉकी इंडिया जूनियर बालक इंटर अकादमी नेशनल हॉकी चैंपियनशिप-2021
भोपाल। मध्यप्रदेश हॉकी अकादमी (Madhya Pradesh Hockey Academy) ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम हॉकी इंडिया जूनियर बालक इंटर अकादमी नेशनल हॉकी चैंपियनशिप-2021 के खिताब पर कब्जा जमा लिया है। मप्र हॉकी अकादमी ने फाइनल मुकाबले में राजा करण हॉकी अकादमी को 3-1 से हराकर लगातार दूसरा खिताब जीत लिया। इससे पहले मप्र हॉकी अकादमी ने प्रथम हॉकी इंडिया सब जूनियर बालक इंटर अकादमी नेशनल हॉकी चैंपियनशिप का खिताब अपने नाम किया था। खेल एवं युवा कल्याण मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया (Minister Yashodhara Raje Scindia) और पद्मश्री पुलेला गोपीचंद (Padmashree Pullela Gopichand) ने पुरस्कार वितरित किए। खेल मंत्री ने मध्यप्रदेश हॉकी अकादमी के सब जूनियर एवं जूनियर खिलाडिय़ों को प्रोत्साहित करने के लिए दोनों टीम के प्रत्येक सदस्य को 15 हजार एवं 20 हजार रुपए के चेक प्रदान किये।
ऐसे चला खेल
हॉकी इंडिया एवं खेल और युवा कल्याण विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित चैंपियनशिप के मुकाबले मेजर ध्यानचंद स्टेडियम की नवनिर्मित टर्फ पर खेले गए। फाइनल मुकाबले के पहले क्वार्टर में दोनों टीमों ने सधे हुए खेल का प्रदर्शन किया। हालांकि, दोनों ही टीमें गोल नहीं कर पाई। दूसरे क्वार्टर में मप्र हॉकी अकादमी के कोच ओलंपियन श्री समीर दाद ने टीम को कुछ बदली हुई रणनीति के साथ उतारा। इसका फायदा टीम को मिला। मैच के 19वें मिनट में मप्र हॉकी अकादमी को पेनल्टी कॉर्नर मिला, जिस पर श्री सौरभ पशीने ने गोल कर टीम को 1-0 की बढ़त दिला दी। अगले ही मिनट में श्री अख्तर अली को मौका मिला और उन्होंने टीम को 2-0 की बढ़त पर ला दिया। मैच के 39वें मिनट में श्रेयस धुपे ने पेनल्टी कॉर्नर पर गोल करते हुए टीम की बढ़त को 3-0 कर दिया। मैच के चौथे क्वार्टर में राजा करण हॉकी अकादमी को पेनल्टी स्ट्रोक मिला और अज्ञपाल ने इसे गोल में बदलकर स्कोर 1-3 कर दिया। मप्र हॉकी अकादमी ने 3-1 से मुकाबला और खिताब अपने नाम कर लिया। चैंपियनशिप में तीसरे स्थान के मुकाबले में नामधारी इलेवन ने राउंडग्लास पंजाब हॉकी अकादमी को 6-4 से पराजित किया।