भोपाल। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, दक्षिण छत्तीसगढ़ और उससे सटे दक्षिण ओडिशा के ऊपर बना ‘अवदाब’ (अत्यंत गंभीर चक्रवातीय तूफान ‘अर्णव’ का अवशेष) उत्तर दिशा की ओर बढ़ रहा है, जिसके प्रभाव से मध्य प्रदेश के मौसम में बदलाव देखा जा रहा है।
पिछले 24 घंटों के दौरान शहडोल संभाग के जिलों में अधिकांश स्थानों पर, रीवा व जबलपुर संभागों में कुछ स्थानों पर तथा नर्मदापुरम एवं सागर संभागों में कहीं-कहीं वर्षा दर्ज की गई, जबकि शेष संभागों में मौसम मुख्यतः शुष्क रहा। इस दौरान अमरकंटक में सबसे अधिक 59.0 मिमी वर्षा दर्ज की गई।
मौसम विभाग ने आज कई जिलों में गरज-चमक, तेज हवाओं (30-50 किमी/घंटा) और वज्रपात (बिजली गिरने) के साथ-साथ कुछ स्थानों पर भारी वर्षा की चेतावनी जारी की है। किसानों के लिए तोरिया और सरसों की बुआई शुरू करने तथा रबी फसलों की चयन प्रक्रिया में मिट्टी की नमी को ध्यान में रखने की सलाह दी गई है।
राज्य में अधिकतम तापमान खंडवा में 34.5°C दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान पचमढ़ी (नर्मदापुरम) में 15.2°C रिकॉर्ड किया गया। आगामी 3 दिनों में अधिकतम तापमान में लगभग 2°C की गिरावट होने की संभावना है।









