मध्यप्रदेश की पुरुष हॉकी टीम ने जीता गोल्ड, महिला टीम को सिल्वर

इटारसी। ओडीसा के भुवनेश्वर में खेली जा रही क्वालीफायर्स-खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2022 में मध्यप्रदेश की पुरुष टीम ने गोल्ड एवं महिला हॉकी टीम ने सिल्वर मैडल जीता है। ओडीसा फतेह के बाद अब टीमें ग्वालियर में होने वाले खेलो इंडिया यूथ गेम्स में खेलेंगी।
पुरुष टीम ने आज फाइनल में हॉकी ओडीसा को 06-05 से हराकर गोल्ड मैडल जीता। महिला टीम हॉकी हरियाणा से 2-0 से पराजित हुई और सिल्वर मैडल से संतोष करना पड़ा। टीम के कोच देवकीनंदन कुशवाह ने भुवनेश्वर से दी जानकारी में बताया कि मध्यप्रदेश पुरुष हॉकी टीम के अली अहमद को बेस्ट डिफेंडर और सुंदररम राजावत को बेस्ट मिड फील्डर का पुरस्कार मिला। महिला टीम से योगिता वर्मा को बेस्ट डिफेन्डर तथा भूमिक्षा साहू को बेस्ट फारवर्ड का पुरस्कार मिला है।
हैट्रिक बनायी
फाइनल मैच में जमीर मोहम्मद ने हैट्रिक बनायी है। जमीर ने खेल के तीसरे, छटवे और 22 वे मिनट में गोल किये हैं। इसके अलावा सातवे मिनट में अली अहमद ने, पैंतीसवे मिनट में मोहम्मद जैद खान और 58 वे मिनट में अंकित पाल ने गोल किया है।
बधाईयों का तांता
गोल्ड लेकर पुरुष और सिल्वर लेकर महिला टीमें ग्वालियर में होने वाले खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2022 के लिए क्वालीफाई कर चुकी हैं। मध्यप्रदेश की दोनों टीमों के इस शानदार प्रदर्शन पर हॉकी मप्र के अध्यक्ष नितिन ढिमोले, महासचिव लोकबहादुर, नर्मदापुरम जिला हॉकी संघ के अध्यक्ष प्रशांत जैन, सचिव कन्हैया गुरयानी सहित संपूर्ण संघ के पदाधिकारियों ने बधाई दी है।