- मंडी के 2 एकड़ प्रांगण में बिछा 50 हजार वर्ग फीट का रेड कारपेट, 30 हजार मेहमानों के जुटने की उम्मीद
इटारसी। अक्षय तृतीया के पावन अबूझ मुहूर्त पर रविवार, 20 अप्रैल को इटारसी की कृषि उपज मंडी एक ऐतिहासिक और विराट सामाजिक समागम की साक्षी बनेगी। अवसर है चौरिया कुर्मी समाज संगठन के 15वें आदर्श सामूहिक विवाह सम्मेलन का, जहां 31 जोड़े भारतीय संस्कृति और वैदिक परंपराओं के साथ नए जीवन की शुरुआत करेंगे।
2 एकड़ में पंंडाल, स्वागत में बिछा रेड कारपेट
इस आयोजन के लिए मंडी के दो एकड़ के स्थान को दुल्हन की तरह सजाया गया है। संगठन के कार्यकारी अध्यक्ष संतोष चौरे ने बताया कि लगभग 2 एकड़ से अधिक क्षेत्र में विवाह स्थल तैयार किया गया है।
भव्य स्वागत द्वार : आयोजन स्थल पर भारतीय हिंदू संस्कृति की झलक दिखाते कई आकर्षक स्वागत द्वार बनाए गए हैं।
शाही मेहमानवाजी : करीब 25 से 30 हजार सामाजिक बंधुओं की सुविधा के लिए 50 हजार वर्ग फीट क्षेत्र में भव्य रेड कारपेट बिछाया गया है, जो इस आयोजन की भव्यता को दर्शाता है।
कुर्मी समाज की एकजुटता का प्रतीक
इस सम्मेलन की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि यहां चौरिया कुर्मी समाज के साथ-साथ कुर्मी क्षत्रिय समाज के सभी वर्गों के प्रतिनिधि और सामाजिक बंधु एक ही जाजम पर नजर आएंगे। समाज के अध्यक्ष शंभू दयाल पटेल के नेतृत्व और संरक्षक मंडल के मार्गदर्शन में पूरी टीम आयोजन को सफल बनाने के लिए दिन-रात जुटी हुई है।
सुबह 9 बजे से शुरू होगा उत्सव
कार्यक्रम का आगाज रविवार सुबह 9 बजे बारात से होगा। गाजे-बाजे के साथ निकलने वाली यह बारात आकर्षण का केंद्र होगी, जिसमें 31 दूल्हे एक साथ निकलेंगे। इस आयोजन में जिले भर के जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता भी नव-दंपतियों को आशीर्वाद देने पहुंचेंगे।










