सिद्धदात्री दुर्गा मंदिर में महिला मंडल ने मनाया हरियाली महोत्सव, धार्मिक गीतों पर किया नृत्य

Post by: Rohit Nage

Bachpan AHPS Itarsi

इटारसी। श्रद्वा भक्ति और शिव आराधना के पावन मास श्रावण में पूरे शहर में धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। रविवार को इंदिरा कालोनी स्थित श्री सिद्धीदात्री दुर्गा मंदिर की महिला मंडल समिति द्वारा हरियाली महोत्सव मनाया गया। इस अवसर पर समिति से जुड़ी महिलाओं ने भगवान श्री कृष्ण और राधा की झांकी सजाई। मां दुर्गा के भजनों की प्रस्तुति देकर सभी सुहागिन महिलाओं को सुहाग सामग्री का वितरण किया गया।

मंदिर में धार्मिक भजनों पर महिलाओं एवं युवतियों ने नृत्य भी किया। मां दुर्गा के भजन, कृष्ण भजन और अन्य फिल्मी गीतों पर महिलाओं ने धार्मिक नृत्य की प्रस्तुति दी। समिति सदस्यों ने बताया कि इस मंदिर समिति से न्यास एवं इंदिरा कालोनी की करीब 200 महिलाओं एवं युवतियां जुड़ी हैं, जो साल भर यहां अखंड रामायण, कांवड़ यात्रा, भजन-कीर्तन एवं अन्य तीज त्यौहारों पर सामूहिक रूप से कार्यक्रमों का आयोजन करती हैं। दोपहर में मां दुर्गा का पूजन एवं 16 श्रृंगार कर साज-सज्जा की गई, इसके बाद सभी महिलाओं ने हरियाली तीज का उत्सव मनाया।

महिलाओं ने हरे रंग की साड़ी और हरा श्रृंगार कर प्रकृति से जुड़े रहने का संदेश दिया। सभी महिलाओं ने एक दूसरे को हरियाली पर्व की बधाई दी। महिलाओं ने क्षेत्र में सुख शांति और समृद्धि की कामना करते हुए सभी देवी देवताओं का पूजन किया। समापन अवसर पर सभी महिलाओं को सुहाग सामग्री का वितरण किया गया। इंदिरा कालोनी का सिद्धीदात्री मंदिर काफी पुराना है, जनसहयोग एवं समिति के प्रयासों से मंदिर का विकास किया गया है। साल भर यहां धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन महिलाएं करती हैं।

Leave a Comment

error: Content is protected !!