केसला। नर्मदापुरम जिले की केसला थाना पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एनएच-46 हाईवे पर घेराबंदी कर भारी मात्रा में देशी और अंग्रेजी शराब जब्त की है। पुलिस ने मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर एक कार भी जब्त की है।
देर रात हुई कार्रवाई
पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई 20 अप्रैल की रात करीब 11:30 बजे की गई। मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने केसला जनपद पंचायत के सामने हाईवे की पुलिया पर दबिश दी। पुलिस टीम का नेतृत्व थाना प्रभारी निरीक्षक मदन पवार ने किया।
आरोपी और बरामदगी

पुलिस ने मौके से दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है, जो कार के जरिए शराब का अवैध परिवहन कर रहे थे इनमें प्रमोद 48 वर्ष, पिता भंवरसिंह राजपूत, निवासी पथरौटा, हेमराज 21 वर्ष, पिता कन्छेदीलाल चौधरी, निवासी पथरौटा हैं।
जब्त सामग्री का विवरण
- देशी प्लेन मदिरा : 12 पेटी (108 लीटर)
- अंग्रेजी शराब : 4 पेटी (34.560 लीटर)
- कुल शराब : 142.560 लीटर (कीमत करीब 90,000 रुपये)
- वाहन : लाल रंग की स्कॉर्पियो कार (एमपी 04 केजी 3484), कीमत करीब 10 लाख रुपये।
- पुलिस ने कुल 10,90,000 रुपये (दस लाख नब्बे हजार) का मशरूका जब्त किया है।
केसला पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध अपराध दर्ज किया है। पुलिस ने नियमानुसार प्रत्येक पेटी से सैंपल निकालकर परीक्षण हेतु भेजे हैं। यह कार्रवाई क्षेत्र में अवैध शराब विक्रेताओं और तस्करों के बीच हड़कंप मचाने वाली साबित हुई है।










