नर्मदापुरम। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए चोरी की एक बड़ी वारदात का महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस अधीक्षक साई कृष्णा एस. थोटा और एएसपी अभिषेक राजन के निर्देशन व एसडीओपी जितेन्द्र पाठक के मार्गदर्शन में कोतवाली पुलिस को यह सफलता मिली है।
क्या है पूरा मामला?
15 जुलाई को कालिका नगर निवासी फरियादी महेन्द्र कहार ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि अज्ञात चोर ने उनके घर के मेन गेट का कुंदा तोड़कर अंदर रखे 1,50,000 रुपये पार कर दिए हैं। पुलिस ने तत्काल अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।
किराए के मकान से मिले पैसे
कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक गौरव सिंह बुन्देला के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संदेही सदानंद कहार उम्र 37 वर्ष को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने उसके किराए के मकान की लोहे की अलमारी से चोरी किए गए पूरे 1,50,000 रुपए बरामद कर लिए हैं। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया गया है।
इस त्वरित खुलासे में थाना प्रभारी गौरव सिंह बुन्देला, उपनिरीक्षक विशाल नागवे, प्रधान आरक्षक रितेश यदुवंशी, संदीप शर्मा और आरक्षक पंकेश, अविनाशी, हरीश, राजकुमार, रोहित, रामकुमार एवं दीपेश सोलंकी की मुख्य भूमिका रही।











