इटारसी। पुलिस ने त्वरित और सूझबूझ भरी कार्रवाई करते हुए ज्वैलरी दुकान से सोने के आभूषण चुराने वाली बुरका वाली महिला को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी महिला के कब्जे से 2,50,000 रुपये कीमत के सोने के आभूषण बरामद कर लिए हैं।
वारदात और पुलिस की तकनीकी जांच
05 अगस्त 2026 को फरियादी प्रदीप पिता सुभाषचंद भोला, निवासी गांधीनगर, इटारसी ने थाना इटारसी में अपनी दुकान से अज्ञात व्यक्ति द्वारा सोने के आभूषण चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के निर्देशन और अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) इटारसी के मार्गदर्शन में एक विशेष टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और लगभग 200 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालते हुए बुरका पहनी संदिग्ध महिला की बारीकी से तलाश की।
गिरफ्तारी और बरामदगी
कड़ी मशक्कत और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने चोर महिला की पहचान चाहत मंसूरी उर्फ मुस्कान लोट उम्र 28 वर्ष, निवासी पुरानी इटारसी के रूप में की। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपिया को गिरफ्तार कर उसके पास से चोरी गए तमाम सोने के आभूषण जप्त कर लिए हैं और उसे वैधानिक कार्रवाई के तहत न्यायालय में पेश कर दिया है।
इस चोरी की गुत्थी सुलझाने में थाना प्रभारी निरीक्षक सौरभ पांडेय, उनि विपिन पाल, सउनि दिनेश झरबडे, आरक्षक राजकुमार झपाटे, महेंद्र गुर्जर, मुकेश झाडे, बसंत, नरेंद्र, अतुल, शाकिर, महिला आरक्षक दीपाली तथा सायबर सेल से आरक्षक संदीप एवं जितेंद्र की सराहनीय और महत्वपूर्ण भूमिका रही।











