इटारसी। जिले में अवैध मदिरा के निर्माण, संग्रहण, विक्रय एवं परिवहन पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से आबकारी विभाग ने इटारसी शहर और औद्योगिक क्षेत्र के अंतर्गत सघन गश्त व दबिश अभियान चलाया। इस कार्रवाई के तहत कुल 11 प्रकरण दर्ज कर 3200 किलोग्राम महुआ लाहन और 40 लीटर कच्ची हाथभट्टी मदिरा जब्त की गई, जिसकी कुल अनुमानित कीमत 3 लाख 28 हजार रुपये आंकी गई है।
जिला आबकारी अधिकारी डॉ. राजीव प्रसाद द्विवेदी ने बताया कि कलेक्टर आशीष वशिष्ठ के निर्देशानुसार यह अभियान चलाया गया। वृत्त औद्योगिक क्षेत्र इटारसी के अंतर्गत ग्राम पंडारी, कांदईकला, महोनाडोब, जामईकला एवं पांडूखेड़ी के जंगलों में दबिश देकर 4 प्रकरण दर्ज किए, जिसमें 1.74 लाख रुपये मूल्य का 1700 किलो लाहन व 20 लीटर मदिरा जब्त हुई। वहीं, इटारसी शहर के सूरजगंज, नाला मोहल्ला, बालाजी मंदिर मेहरगांव एवं ग्वालबाबा क्षेत्र से 7 प्रकरण दर्ज कर 1.54 लाख रुपये मूल्य का 1500 किलो लाहन व 20 लीटर मदिरा बरामद की गई। विभाग द्वारा राजमार्गों पर संदिग्ध वाहनों की जांच और रात्रिकालीन गश्त अभियान निरंतर जारी रखा जाएगा।










