नर्मदापुरम। अवैध शराब बिक्री और परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए कुल 77.28 लीटर अवैध शराब और परिवहन में प्रयुक्त दो वाहन जब्त किए हैं। जब्त संपत्ति की कुल कीमत लगभग 2 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस अधीक्षक साई कृष्णा एस. थोटा के निर्देशन में 23 जुलाई 2026 को मुखबिर की सूचना पर कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई की। पहली कार्रवाई में संजय नगर निवासी आनंद कामले (20) को पल्सर मोटरसाइकिल से 41.28 लीटर अंग्रेजी शराब व बीयर (कीमत 18,000 रुपये) ले जाते पकड़ा गया।
दूसरी कार्रवाई में खरखेड़ी निवासी मोहित गौर (19) के कब्जे से टीवीएस जुपिटर स्कूटी और 36 लीटर देसी शराब (कीमत 15,000 रुपये) बरामद की गई। थाना प्रभारी गौरव सिंह बुन्देला के नेतृत्व में पुलिस टीम ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है।











