नर्मदापुरम। पुलिस ने 3-4 अक्टूबर की रात जिले के सभी थाना क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर कॉम्बिंग गश्त अभियान चलाया। अभियान के दौरान सक्रिय बदमाशों, फरार वारंटियों और संदिग्ध व्यक्तियों की जांच करते हुए पुलिस टीमों ने कुल 164 फरार वारंटियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा।
इटारसी सहित सभी अनुविभागों में कार्रवाई
अभियान के तहत इटारसी अनुविभाग में इटारसी पुलिस ने 20, पथरोटा ने 5, केसला ने 3 और रामपुर पुलिस ने 2 फरार वारंट तामील कराए। वहीं नर्मदापुरम अनुविभाग में कोतवाली और देहात पुलिस ने 16-16 वारंट तामील किए। सिवनी मालवा, सोहागपुर और पिपरिया अनुविभागों में भी पुलिस टीमों ने व्यापक कार्रवाई की।
गंभीर अपराध से जुड़ा वारंटी भी गिरफ्तार
पुलिस के अनुसार पिपरिया थाना क्षेत्र से गिरफ्तार वारंटियों में एक वारंटी गंभीर प्रकृति के अपराध से जुड़े लूट के प्रकरण का आरोपी है। देर रात तक चले अभियान में अलग-अलग थाना क्षेत्रों की टीमों ने समन्वित कार्रवाई करते हुए कुल 164 फरार वारंटियों को गिरफ्तार किया।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में अभियान
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक नर्मदापुरम साई कृष्ण के मार्गदर्शन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक राजन के निर्देशन में की गई। सभी अनुविभागीय अधिकारियों के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारियों ने अलग-अलग टीमें गठित कर अभियान को अंजाम दिया।










