इटारसी। यात्रियों की सुरक्षा, संरक्षा और रेलवे परिसर में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से रेल सुरक्षा बल और राजकीय रेलवे पुलिस ने संयुक्त रूप से एक बड़ा विशेष अभियान चलाया। इस दौरान रेलवे स्टेशन, प्लेटफॉर्म, आउटर और अन्य संवेदनशील इलाकों में सघन चेकिंग की गई।
इस संयुक्त कार्रवाई के तहत पिछले दो दिनों में कुल 53 लोगों के खिलाफ रेलवे अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। इनमें 40 अवैध वेंडर, 11 संदिग्ध व अनधिकृत व्यक्ति जो बिना किसी वैध कारण के प्लेटफॉर्म और आउटर में घूम रहे थे, 02 किन्नर शामिल हैं।

रेल प्रशासन की यात्रियों से अपील
रेल प्रशासन ने आम यात्रियों से अपील की है कि वे अपनी सेहत और सुरक्षा के मद्देनजर केवल अधिकृत वेंडरों से ही खाद्य एवं पेय पदार्थ खरीदें। स्टेशन या ट्रेन में किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि, अवैध वेंडिंग या असामाजिक तत्वों के दिखने पर तुरंत रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139 या आरपीएफ को सूचना दें। अधिकारियों के मुताबिक, रेलवे परिसर को पूरी तरह सुरक्षित और अपराधमुक्त बनाने के लिए यह संयुक्त अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।











