इटारसी। शहर की सड़कों को सुरक्षित और सुचारु बनाने के लिए कलेक्टर के निर्देशन में नगर पालिका परिषद इटारसी द्वारा आवारा व बेसहारा गौवंशों के खिलाफ विशेष अभियान तेज कर दिया गया है।
इस अभियान के तहत नपा के हाका दल द्वारा सड़कों पर विचरण कर रहे मवेशियों को पकड़कर सुरक्षित रूप से गौशालाओं में भेजा जा रहा है, ताकि यातायात बाधित न हो और सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।
लापरवाह पशु मालिकों पर गिरी गाज
अभियान के दौरान नगर पालिका ने खुले में पशु छोड़ने वाले मालिकों पर नकेल कसना शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में वार्ड क्रमांक 09 (खेड़ा) के निवासी अभिषेक यादव और विमला यादव द्वारा अपने गौवंशों को सड़कों पर लावारिस छोड़ने पर नपा ने सख्त कार्रवाई की है। दोनों पशु मालिकों पर 1,000-1,000 रुपए का जुर्माना किया गया है।
स्वच्छ और व्यवस्थित शहर के लिए सहयोग की अपील
मुख्य नगर पालिका अधिकारी सुरेखा जाटव ने शहरवासियों से अपील की है कि वे अपने मवेशियों को सार्वजनिक स्थानों या सड़कों पर खुला न छोड़ें। उन्होंने नागरिकों से इटारसी को सुरक्षित, स्वच्छ और व्यवस्थित बनाने में नगर पालिका प्रशासन का सहयोग करने का आग्रह किया है।
इनका कहना है….
सड़कों पर खुले घूमने वाले पशु आमजन की सुरक्षा के लिए एक गंभीर चुनौती हैं। इनसे न केवल यातायात बाधित होता है, बल्कि दुर्घटनाओं का अंदेशा भी बना रहता है। यह अभियान जनहित में लगातार जारी रहेगा और लापरवाही बरतने वाले पशु मालिकों के खिलाफ आगे भी सख्त वैधानिक व चालानी कार्रवाई की जाएगी।
— सुरेखा जाटव, मुख्य नगर पालिका अधिकारी, इटारसी











