इटारसी। शहर के सबसे व्यस्त और घनी आबादी वाले व्यापारिक केंद्र, जवाहर बाजार में आज दोपहर एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। भगवान झूलेलाल मंदिर के प्याऊ में अचानक हुए शॉर्ट सर्किट ने आग पकड़ ली। पल भर में ही पूरा जवाहर बाजार दमघोंटू और जहरीले धुएं के गुबार से भर गया, जिससे व्यापारियों और ग्राहकों में दहशत फैल गई।
समय रहते उठाया गया कदम बना तारणहार
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय व्यापारियों और पत्रकार अनिल मिहानी ने बिना समय गंवाए नगर पालिका प्रशासन और बिजली विभाग को अलर्ट किया।
- सबसे पहले खतरे को टालने के लिए पूरे इलाके की बिजली आपूर्ति तुरंत बंद कराई गई।
- दमकल विभाग ने तुरंत मोर्चा संभाला और पानी की बौछार कर आग को भयानक रूप लेने से पहले ही बुझा दिया।
तंग गलियां और कपड़ों का बाजार: मंडरा रहा था बड़ा खतरा
यह घटना इसलिए भी खौफनाक थी क्योंकि जवाहर बाजार में करीब 90 प्रतिशत दुकानें कपड़ों की हैं और बाकी किराना के थोक व फुटकर व्यापारी हैं।
बाजार की तंग गलियों के कारण दमकल की गाड़ियों का अंदर जाना लगभग असंभव है। गनीमत यह रही कि आग लगने का स्थान पुराने फल बाजार से सटे जवाहर बाजार के शुरुआती हिस्से में था, जिससे दमकल कर्मियों ने पाइप खींचकर आग पर समय रहते काबू पा लिया। अगर आग थोड़ी भी फैलती, तो कपड़ा और किराना जैसी अत्यधिक ज्वलनशील सामग्रियों के कारण पूरा बाजार खाक हो सकता था। इस घटना ने पुराने लोगों के जहन में 30 से 40 साल पहले बाजार में हुई भीषण आगजनी की खौफनाक यादें एक बार फिर ताजा कर दीं।
जनप्रतिनिधियों ने लिया मोर्चे का जायजा

घटना की भनक लगते ही प्रशासनिक और राजनीतिक हलकों में भी हड़कंप मच गया। विधायक डॉ. सीतासरन शर्मा, और नगर पालिका अध्यक्ष पंकज चौरे° नगर भाजपा अध्यक्ष राहुल चौरे, तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने हालात का जायजा लिया, डरे हुए व्यापारियों को ढांढस बंधाया और अधिकारियों के साथ चर्चा की। स्थानीय लोगों की जागरूकता और दमकल की त्वरित कार्रवाई ने आज इटारसी को एक बड़ी त्रासदी से बचा लिया। हालांकि, शहर के घने बाजारों में सुरक्षा और फायर सेफ्टी के इंतजामों को लेकर यह घटना प्रशासन के लिए एक बड़ी और गंभीर चेतावनी है।
इनका कहना है:
“हमने व्यापारियों से चर्चा की है और घटना के विषय में जानकारी ली है। अधिकारियों से चर्चा करके शॉर्ट सर्किट का कोई ठोस निदान निकालने के लिए कहा जाएगा। ईश्वर की कृपा से बड़ी घटना टल गई है, आगे सावधानी बरती जाएगी।”
– डॉ. सीतासरन शर्मा, विधायक
“जवाहर बाजार के झूलेलाल मंदिर में बने प्याऊ में शॉर्ट सर्किट से आग लगी थी, समय रहते व्यापारियों ने सूचना की, हमने दमकल भेजी और दमकल कर्मचारियों ने बेहद सराहनीय कार्य किया है, सबकुछ समय रहते हुए तो बड़ा हादसा होने से पहले स्थिति को संभाल लिया गया है।“
पंकज चौरे, अध्यक्ष नगर पालिका परिषद










