इटारसी। शहर के नजदीकी ग्रामीण क्षेत्र रैसलपुर में अज्ञात चोरों ने एक सूने मकान को अपना निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरातों और नगदी पर हाथ साफ कर दिया है। वारदात की सूचना मिलते ही इटारसी पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दिनदहाड़े दी वारदात को अंजाम
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना इटारसी से करीब 06 किलोमीटर दूर स्थित ग्राम रैसलपुर की है। फरियादी दिनेश राजपूत उम्र 44 वर्ष, पिता बटानीलाल राजपूत, निवासी ग्राम रैसलपुर के सूने घर का ताला तोड़कर अज्ञात चोरों ने इस बड़ी चोरी को अंजाम दिया। बताया जा रहा है कि घटना 31 मई 2026 को सुबह लगभग 09 बजे के आसपास घटित हुई।
करीब पौने 12 लाख की मशरूका पर साफ किया हाथ
जब फरियादी दिनेश राजपूत रात को अपने घर लौटे, तब उन्हें चोरी की इस बड़ी वारदात का पता चला। इसके बाद उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने फरियादी की शिकायत पर मामला दर्ज किया। चोरों ने घर के अंदर अलमारी और लॉकर में रखे इस्तेमाल किए जाने वाले इस्तेमालती सोने और चांदी के कीमती जेवर समेट लिए। इसके साथ ही घर में रखी 1,10,800 रुपये की नगद राशि भी चुरा ली। पुलिस डायरी के मुताबिक, चोरी गए सोने-चांदी के जेवरात और नगदी को मिलाकर कुल 11,78,800 रुपये (ग्यारह लाख अठहत्तर हजार आठ सौ रुपये) की बड़ी चोरी का आकलन किया गया है।
इटारसी पुलिस ने इस मामले में अपराध दर्ज किया है। ग्रामीण इलाके में हुई इस बड़ी चोरी के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। इटारसी पुलिस ने घटना स्थल का मुआयना कर क्षेत्र के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही संदेहियों को पकड़कर मशरूका बरामद कर लिया जाएगा।











