इटारसी। मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे सख्त अभियानों के तहत इटारसी पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर दबिश देकर घर के सामने अवैध रूप से गांजा बेच रहे एक आरोपी को रंगे हाथों दबोच लिया। आरोपी के कब्जे से भारी मात्रा में गांजा और तौलने की सामग्री बरामद की गई है।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस की रेड
थाना इटारसी को मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली थी कि पोर्टल खोली, इटारसी निवासी राहुल पांडे अपने घर के सामने अवैध रूप से मादक पदार्थ गांजा बेच रहा है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और रेड कार्रवाई करते हुए आरोपी को धर दबोचा।
30 हजार रुपये का मशरूका और गांजा जब्त
पुलिस ने मौके पर आरोपी की तलाशी ली और उसके कब्जे से कुल 2.510 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ गांजा बरामद किया। इसके अलावा मौके से गांजा तौलने के लिए इस्तेमाल होने वाली इलेक्ट्रॉनिक तराजू और पैकिंग के लिए रखे गए प्लास्टिक पन्नियों के पैकेट भी जब्त किए। कुल जब्तशुदा सामग्री की कीमत करीब 30,000 रुपये आंकी गई है।
आरोपी राहुल पांडे के खिलाफ थाना इटारसी में अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। इस पूरी कार्रवाई को सफल बनाने में थाना प्रभारी निरीक्षक सौरभ पांडे, उप निरीक्षक विपिन पाल, आरक्षक राजकुमार, अजय, अतुल विश्वकर्मा, महेंद्र और प्रधान आरक्षक टिल्लू उइके की सराहनीय और महत्वपूर्ण भूमिका रही।











