इटारसी। शहर में यातायात नियमों का कड़ाई से पालन कराने और निजी वाहनों पर अवैध रूप से लगाए जा रहे हूटर, फ्लैशर, वीआईपी/शासकीय स्टिकर, मॉडिफाइड साइलेंसर तथा नियम विरुद्ध नंबर प्लेट पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से इटारसी पुलिस द्वारा विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया जा रहा है।
पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशानुसार 1 अगस्त से 10 अगस्त तक जारी इस अभियान के शुरुआती 5 दिनों में पुलिस ने 60 वाहनों पर कार्रवाई करते हुए 36,500 रुपये से अधिक का समन शुल्क वसूला है। वहीं, शराब पीकर वाहन चलाने वालों के मामले कोर्ट भेजे गए, जहाँ 10,000 रुपये का जुर्माना लगाया गया।
किस नियम पर कितनी हुई कार्रवाई
बिना हेलमेट : 52 चालान (15,600 शुल्क)
बिना/दोषपूर्ण नंबर प्लेट : 5 चालान (2,500 शुल्क)
अवैध हूटर : 1 चालान (3,000 शुल्क)
मॉडिफाइड साइलेंसर: 1 चालान (1,000 शुल्क)
बिना सीट बेल्ट : 2 चालान (1,000 शुल्क)
अतिरिक्त सर्च लाइट : 1 चालान (500 शुल्क)
पुलिस की अपील और सख्त चेतावनी
पुलिस अधीक्षक साईंकृष्ण एस. थोटा के निर्देशन एवं थाना प्रभारी सौरभ पांडे के नेतृत्व में चल रहे इस अभियान के तहत मौके पर ही गाडिय़ों से अवैध स्टिकर, ब्लैक फिल्म और हूटर उतरवाए जा रहे हैं। थाना प्रभारी सौरभ पांडे ने नागरिकों से अपील की है कि निजी वाहनों से नियम विरुद्ध सामग्री तत्काल हटा लें, 18 वर्ष से अधिक उम्र के लोग वैध लाइसेंस के साथ ही गाड़ी चलाएं और अभिभावक अपने नाबालिग बच्चों को वाहन न दें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यह चेकिंग अभियान 10 अगस्त तक शहर में जारी रहेगा।




























