सिवनी मालवा। जिला पुलिस द्वारा अवैध शराब के क्रय-विक्रय और परिवहन के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत सिवनी मालवा पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने घेराबंदी कर एक बोलेरो पिकअप से भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब जब्त की है, जिसकी कुल कीमत करीब 27.74 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस को 6 मई 2026 को मुखबिर से सटीक सूचना प्राप्त हुई थी कि एक सफेद रंग की बोलेरो पिकअप में दो व्यक्ति अवैध शराब लेकर सिवनी मालवा से ढेकना की ओर जा रहे हैं। सूचना पर सक्रिय हुई पुलिस टीम ने लोखरतलाई रोड पर पीछा कर बांकाबेड़ी पहुंच मार्ग के पास संदिग्ध वाहन क्रमांक एमपी 28 जी 1008 को घेराबंदी कर रोक लिया।
298 पेटी शराब और वाहन जब्त
वाहन की तलाशी लेने पर वह पीले रंग की तिरपाल से ढका हुआ मिला। जांच करने पर पिकअप के अंदर ऑफिसर च्वाइस अंग्रेजी शराब के कुल 298 कार्टून भरे पाए गए। प्रत्येक पेटी में 48 क्वार्टर थे, जिसे मिलाकर कुल 2574.720 लीटर शराब जब्त की गई, जिसकी बाजार मूल्य 25,74,720 रुपये है। परिवहन में प्रयुक्त 2 लाख रुपये कीमत की बोलेरो पिकअप सहित कुल 27,74,720 रुपये का मशरूका पुलिस ने अपने कब्जे में लिया है।
बैतूल के दो आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिन्होंने शराब परिवहन के संबंध में कोई भी वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए। पकड़े गए आरोपियों रमेश उर्फ गंगाराम चौरगढे 49 वर्ष, निवासी खारी मोहल्ला चिचोली, जिला बैतूल और विजेश उइके 22 वर्ष निवासी ग्राम भोगीतेड़ा, जिला बैतूल हैं। दोनों आरोपियों के विरुद्ध थाना सिवनी मालवा में धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर मामला विवेचना में लिया गया है।
यह संपूर्ण कार्यवाही पुलिस अधीक्षक नर्मदापुरम साई कृष्णा एस. एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक राजन के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक सुधाकर बारस्कर के नेतृत्व में गठित टीम द्वारा की गई। कार्यवाही में उपनिरीक्षक नरेन्द्र लिल्लोरे, सहायक उपनिरीक्षक उमेश मिश्रा, आरक्षक बलराम, केतन और पूनम बिल्लोरे की सक्रिय भूमिका रही।











