नर्मदापुरम। डिजिटल अपराधों पर नकेल कसते हुए नर्मदापुरम पुलिस ने झारखंड के कुख्यात जामताड़ा मॉड्यूल की तर्ज पर ठगी करने वाले दो शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस टीम ने आरोपियों को देवघर झारखंड से घेराबंदी कर पकड़ा।
क्या था मामला?
बीती 17 मार्च को बनखेड़ी निवासी फरियादी छोटेलाल कुशवाह के बैंक खाते से साइबर ठगों ने 3,09,917 रुपए की राशि पार कर दी थी। इस शिकायत पर थाना बनखेड़ी में विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
ठगी का तरीका
जांच में खुलासा हुआ कि आरोपियों ने फरियादी के मोबाइल पर एक घातक एपीके फाइल भेजी थी। इसके जरिए उन्होंने फरियादी के नंबर की ई – सिम तैयार की और बैंक खाते का एक्सेस प्राप्त कर रुपयों को अलग-अलग खातों में ट्रांसफर कर लिया।
भेष बदलकर दी दबिश
पुलिस अधीक्षक श्री साई कृष्णा एस. थोटा के निर्देशन में गठित विशेष टीम ने झारखंड में चार दिनों तक हुलिया बदलकर आरोपियों की रेकी की। 7 मई की देर रात पुलिस ने दबिश देकर उमेश दास और उत्तम कुमार दास को गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से अपराध में प्रयुक्त मोबाइल, पासबुक और एटीएम कार्ड बरामद किए गए हैं।
इस चुनौतीपूर्ण कार्रवाई में निरीक्षक विजय सनस, उनि मनमोहन सिंह ठाकुर, उनि विवेक यादव सेमरी चौकी प्रभारी और साइबर सेल की टीम का विशेष योगदान रहा। फिलहाल आरोपियों को रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है जिससे अन्य बड़े खुलासे होने की उम्मीद है।












