नर्मदापुरम। शहर की कोतवाली पुलिस ने घर में घुसकर जेवर चोरी करने वाली एक सनसनीखेज वारदात का महज 24 घंटे के भीतर पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने मामले में एक महिला और उसके नाबालिग बेटे को हिरासत में लेकर करीब 7 लाख रुपये कीमत के सोने के आभूषण बरामद किए हैं।
क्या था मामला?
बालागंज क्षेत्र की निवासी फरियादिया जैनब खान ने 19 अप्रैल को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 13 अप्रैल को उन्होंने अपने सोने के जेवर हार, कंगन, अंगूठी, टॉप्स आदि अलमारी में रखे थे, जो गायब हैं। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
कैसे पकड़ाए आरोपी?
पुलिस अधीक्षक श्री साई कृष्णा एस. थोटा के निर्देशन में गठित टीम ने मुखबिर तंत्र सक्रिय किया। जांच के दौरान एक 14-15 वर्षीय संदिग्ध बालक की सूचना मिली। पुलिस ने घेराबंदी कर बालक को सेठानी घाट स्थित काले महादेव मंदिर के पास से अभिरक्षा में लिया।
चौंकाने वाला खुलासा
पूछताछ में नाबालिग ने बताया कि उसने जेवर चोरी कर अपनी मां किरण बाई 45 वर्ष को दे दिए थे। पुलिस ने आरोपी महिला के पास से साड़ी के पल्लू में छिपे हुए सभी आभूषण बरामद कर लिए। महिला को यह जानकारी थी कि माल चोरी का है, जिसके चलते उस पर भी कार्रवाई की गई।
पुलिस टीम की भूमिका
इस त्वरित कार्रवाई में कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक कंचन सिंह ठाकुर, सउनि संजय रघुवंशी, आरक्षक पंकेश, गजेंद्र, सतीश और महिला आरक्षक अंजू उइके की महत्वपूर्ण भूमिका रही। आरोपी महिला को जेल भेज दिया गया है, जबकि अपचारी बालक को बाल सुधार गृह, बैतूल भेजा जा रहा है।










