नर्मदापुरम। थाना कोतवाली पुलिस ने नर्मदापुरम की पॉश कॉलोनी ‘रिवर व्यू’ के एक सूने मकान में हुई लाखों रुपये की सनसनीखेज चोरी का महज 72 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके पास से 8 कंप्यूटर सिस्टम और 8 लैपटॉप समेत करीब 11 लाख मूल्य का चोरी गया सामान बरामद किया है।
कार चालक ही निकला मास्टरमाइंड
पुलिस के अनुसार, फरियादी कपिल शर्मा (36) ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 5 जुलाई से 7 जुलाई के बीच जब वे जयपुर गए थे, तब अज्ञात चोरों ने उनके घर का ताला तोड़कर भारी मात्रा में इलेक्ट्रॉनिक सामान और अन्य कीमती सामान पार कर दिया था। पुलिस ने मामला दर्ज कर जब वैज्ञानिक और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर फरियादी के कार चालक वाजिद गुफरान सिद्दीकी से कड़ाई से पूछताछ की, तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
इंदौर से सह-आरोपी गिरफ्तार, 11 लाख का सामान बरामद
मुख्य आरोपी वाजिद ने बताया कि उसने चोरी किए गए सामान का एक हिस्सा इंदौर के खजराना निवासी अपने परिचित आफताब खान को बेच दिया था। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से 08 कंप्यूटर सिस्टम, 08 लैपटॉप 01 राडो कंपनी की कीमती घड़ी, एलईडी टीवी, आरओ, इलेक्ट्रिक केतली और ट्रिमर सहित अन्य सामान सहित लगभग 11 लाख का माल बरामद किया।
टीम को मिली सराहना
यह पूरी कार्रवाई नर्मदापुरम पुलिस अधीक्षक डॉ. साई कृष्णा एस थोटा के मार्गदर्शन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक राजन एवं अनुविभागीय अधिकारी जितेंद्र पाठक के निर्देशन में कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक गौरव सिंह बुंदेला के नेतृत्व में की गई। इस टीम में सउनि संजय रघुवंशी, प्रधान आरक्षक रितेश यदुवंशी, साइबर सेल के आरक्षक दीपेश सोलंकी सहित कई पुलिसकर्मियों की सराहनीय भूमिका रही।
एक महिला चोर भी गिरफ्तार
इसके अतिरिक्त, जिले की स्टेशन रोड पिपरिया पुलिस ने भी एक सफलता हासिल की है। पुलिस ने धक्का मारकर बैग से 5,500 रुपए चोरी करने के मामले में अज्ञात आरोपी नैना (19 वर्ष), निवासी जमनी टोला सोहागपुर) को गिरफ्तार कर चोरी की राशि बरामद कर ली है।











