- 4000 मीटर केबल पार, 2.5 मेगावाट बिजली उत्पादन ठप, 90 हजार का तात्कालिक नुकसान
इटारसी। ग्राम खापा स्थित आयुध निर्माणी के पास भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड के 10 मेगावाट सोलर प्लांट में एक बार फिर बड़ी चोरी की वारदात सामने आई है। शातिर चोरों ने एमसीआर आरओ वाले क्षेत्र को निशाना बनाते हुए लगभग 4000 मीटर केबल और 586 कनेक्टर पार कर दिए। इस घटना से न केवल कंपनी को भारी नुकसान हुआ है, बल्कि 2 से 2.5 मेगावाट बिजली का उत्पादन भी अचानक रुक गया है।
पथरोटा थाने में 5 अक्टूबर को दर्ज एफआईआर के अनुसार, यह घटना 3 अक्टूबर रात करीब 10 बजे की है। प्लांट के सुपरवाइजर नितिन कुमार सोनवंशी 42 वर्ष, निवासी पाण्डुखेड़ी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि चोरी गए माल की अनुमानित कीमत करीब 90,000 रुपये है।
सक्रिय है कोई शातिर अंतरराज्यीय या बाहरी गिरोह
वारदात के तरीके से साफ है कि यह किसी सामान्य चोर का काम नहीं है, बल्कि इसके पीछे एक ऐसा गिरोह काम कर रहा है जिसे सोलर प्लांट की गहरी तकनीकी जानकारी है।
- टार्गेटेड चोरी : चोरों को सटीक जानकारी होती है कि तार कहां से काटना है और वे मुख्य रूप से केवल डीसी केबल को ही निशाना बनाते हैं।
- वारदात का तरीका : अंदेशा है कि यह बाहरी गिरोह है। आरोपी अपने वाहन प्लांट से काफी दूर खड़े करते हैं और पैदल आकर केबल काटकर ले जाते हैं।
- सीरियल वारदातें : पिछले हफ्ते ही बनखेड़ी में भी हूबहू ऐसी ही घटना हुई थी। सूत्रों के अनुसार, प्रदेश में अब तक 4 अलग-अलग जगहों पर इसी पैटर्न पर चोरी हो चुकी है।
- पुराना कनेक्शन : इसी परिसर के एक अन्य क्षेत्र में पहले भी चोरी हो चुकी है। उस दौरान पुलिस ने भोपाल से 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया था, जबकि गिरोह के 2 सदस्य अब भी फरार हैं। पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है कि कहीं फरार आरोपियों ने ही तो नया गिरोह नहीं बना लिया।
52 एकड़ में सिर्फ 9 गार्ड, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
इस 10 मेगावाट सोलर प्लांट से बनने वाली बिजली सीधे मध्य प्रदेश मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी को बेची जाती है। इस केबल चोरी से बिजली उत्पादन बाधित हुआ है, जिससे कंपनी को सीधा आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। इतने महत्वपूर्ण और संवेदनशील प्रोजेक्ट की सुरक्षा पर भी गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
सुपरवाइजर नितिन सोनवंशी ने बताया कि 52 एकड़ में फैले इस विशाल प्लांट की सुरक्षा के लिए फिलहाल सिर्फ 9 गार्ड ही तैनात हैं, पुलिस के अनुसार यह संख्या नाकाफी हैं। चोरी की इस बड़ी वारदात के बाद अब कंपनी को गार्ड्स की संख्या बढ़ाने के लिए लिखा है। पथरोटा पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और चोरों के इस शातिर गिरोह की तलाश में जुट गई है।











