माखननगर (नर्मदापुरम)। पुलिस ने ग्राम बीकोर और भटवाड़ा के बीच मजदूरों के मकान से मोबाइल चोरी करने वाले चार शातिर चोरों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए सभी 7 मोबाइल बरामद कर लिए गए हैं, जिनकी कुल कीमत लगभग 50,000 रुपये है।
पुलिस अधीक्षक साईकृष्णा एस थोटा और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक राजन के निर्देशन तथा एसडीओपी सोहागपुर संजू चौहान के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी माखननगर के नेतृत्व में यह त्वरित कार्रवाई की गई।
नहर के पास झाडिय़ों में छुपाए थे मोबाइल
बीते 16 जुलाई को मजदूरों के मोबाइल चोरी होने पर थाना माखननगर में अपराध दर्ज किया गया था। पुलिस टीम ने तुरंत सरहदी थानों को अलर्ट कर नाकाबंदी कराई। इस दौरान थाना देहात नर्मदापुरम पुलिस ने संदेह के आधार पर चार युवकों को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की वारदात कबूल करते हुए बताया कि उन्होंने मोबाइल बीकोर नहर के पास झाडिय़ों में छुपाए थे, जहां से पुलिस ने इन्हें बरामद किया।
बाबरी गांव के हैं चारों आरोपी
गिरफ्तार किए गए आरोपियों में विशाल पारधी (22), गुड्डूलाल पारधी (22), समीर पारधी (19) और क्रिस पारधी (19) शामिल हैं। ये चारों आरोपी ग्राम बाबरी थाना शिवपुर, जिला नर्मदापुरम के निवासी हैं। इस बड़ी कामयाबी में माखननगर थाना प्रभारी निरीक्षक कंचनसिंह, उपनिरीक्षक आकाशदीप पचाया, अशोक वरबड़े सहित उनकी टीम और देहात थाना नर्मदापुरम के सउनि लक्ष्मण अमोल्या व उनकी टीम की सराहनीय भूमिका रही।











