माखननगर (नर्मदापुरम)। माखननगर थाना पुलिस ने ग्राम कोटगांव में हुए एक सनसनीखेज और अंधे कत्ल का महज कुछ ही घंटों में सफल खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले के मुख्य आरोपी, जो कि मृतक का सगा जीजा है, को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से हत्या में इस्तेमाल किया हथियार भी बरामद कर लिया है।
खंडहर में मिला था खून से सना शव
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 24 जून 2026 की सुबह करीब 09 बजे डायल-112 के माध्यम से पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम कोटगांव स्थित एक सुनसान खंडहर मकान में एक युवक का शव लहूलुहान हालत में पड़ा है। सूचना मिलते ही माखननगर थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। मृतक की शिनाख्त संजय उर्फ जितेन्द्र मालवीय उम्र 35 वर्ष के रूप में हुई। निरीक्षण के दौरान मृतक की गर्दन पर धारदार हथियार का गहरा घाव पाया गया, जिससे मामला प्रथम दृष्टया हत्या का प्रतीत हो रहा था।
पुलिस की विशेष टीम और गुप्त रणनीति
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक नर्मदापुरम साई कृष्णा एस. थोटा के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक राजन के मार्गदर्शन में एक विशेष टीम का गठन किया गया। सोहागपुर के अनुविभागीय अधिकारी संजू चौहान के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी माखननगर निरीक्षक कंचन सिंह ने मामले की कमान संभाली।
शुरुआत में पुलिस के पास कोई सुराग नहीं था। इसके लिए एफएसएल टीम से घटनास्थल की जांच कराई। साथ ही, पुलिस कर्मियों को सादे कपड़ों में गांव में तैनात किया गया ताकि वे जनचर्चा और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रख सकें। ग्रामीणों को विश्वास में लेने के बाद पुलिस को पुख्ता जानकारी मिली कि मृतक के जीजा घनश्याम मालवीय की भूमिका संदिग्ध है।
संपत्ति विवाद और शराब की लत बनी वजह
पुलिस ने जब संदेही जीजा घनश्याम मालवीय को हिरासत में लेकर कड़ी पूछताछ की, तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपी ने बताया कि उसका साला (मृतक संजय) आए दिन शराब के नशे में पैतृक संपत्ति और घरेलू मामलों को लेकर विवाद करता था। वह अक्सर घर में आग लगाने की धमकी भी देता था।
घटना की रात भी दोनों के बीच इसी बात को लेकर तीखी बहस हुई। इसके बाद आरोपी घनश्याम उसे बहला-फुसलाकर एक सुनसान स्थान पर ले गया और अंधेरे का फायदा उठाते हुए बसूले (लकड़ी काटने का औजार) से उसकी गर्दन पर ताबड़तोड़ वार कर दिए, जिससे संजय की मौके पर ही मौत हो गई।
आरोपी गिरफ्तार, कपड़े और हथियार जब्त
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल किया गया बसूला और वारदात के वक्त पहने हुए खून से सने कपड़े बरामद कर जप्त कर लिए हैं। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है। इस त्वरित और सफल खुलासे में थाना प्रभारी कंचन सिंह, उपनिरीक्षक आकाशदीप पचाया, सहायक उपनिरीक्षक प्रकाश सिंह राजपूत, वीरेंद्र शुक्ला और उनकी पूरी टीम की सराहनीय भूमिका रही।











