इटारसी। कृषि उपज मंडी सचिव प्रशांत पांडे ने किसानों से सीधा संवाद करने के लिए एक नई पहल शुरू की है। गुरुवार को ग्राम निमसाडिय़ा में चौपाल लगाकर उन्होंने कृषकों को मंडी में उपज बेचने के लिए आमंत्रित किया।
सचिव श्री पांडे ने किसानों की समस्याओं को सुना और बताया कि भीषण गर्मी को देखते हुए मंडी में शीतल पेयजल और वाटर कूलर की व्यवस्था दुरुस्त की गई है। किसानों के आराम के लिए प्राकृतिक बगिया और पेड़ों की छांव का बेहतर माहौल तैयार किया गया है।
किसान श्याम बड़कुर और गुल बदन चौरे की एक और बड़े कांटे की मांग पर सचिव ने बताया कि इसका प्रस्ताव भेजा जा चुका है और जल्द ही स्वीकृति मिल जाएगी। किसानों द्वारा उचित भाव की बात रखने पर सचिव ने जानकारी दी कि राष्ट्रीय व्यापारियों ने मंडी में खरीदी शुरू की है। आज मंडी में गेहूं का अधिकतम भाव 2451 रुपये प्रति क्विंटल रहा, जो जिले में सर्वाधिक है। इस दौरान विधायक प्रतिनिधि देवेंद्र पटेल, प्रांगण प्रभारी शिवनारायण सिंह सहित बड़ी संख्या में कृषक मौजूद रहे।










