इटारसी। माहेश्वरी समाज द्वारा आयोजित एक विशेष बैठक में चुनावी प्रक्रिया को सफलतापूर्वक संपन्न किया गया। सामाजिक मेलजोल और आपसी सामंजस्य की अपनी गौरवशाली परंपरा को बरकरार रखते हुए, समाज ने इस बार भी कार्यकारिणी का चुनाव निर्विरोध पूरा किया। पूरी चुनावी प्रक्रिया चुनाव अधिकारी हितेश चांडक एवं पर्यवेक्षक प्रहलाद बंग की प्रत्यक्ष देखरेख में गरिमामयी वातावरण में हुई।
नवगठित कार्यकारिणी में सर्वसम्मति से मांगीलाल मालपानी को अध्यक्ष पद की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। उनके साथ ही श्रीकांत मौलासरिया को उपाध्यक्ष, रितेश माहेश्वरी को सचिव, विवेक चांडक को सह-सचिव और अर्पण माहेश्वरी को कोषाध्यक्ष पद पर निर्विरोध चुना गया। सामाजिक बंधुओं ने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों का स्वागत करते हुए उनके सफल कार्यकाल के लिए हार्दिक मंगलकामनाएं प्रेषित कीं।
संगठन के विस्तार और क्षेत्रीय प्रतिनिधित्व पर चर्चा करते हुए जिला एवं प्रदेश स्तर के नामों की भी घोषणा की गई। जिला सभा के लिए इटारसी से रमेश चांडक, अनिल राठी, श्रीकांत मौलासरिया, सतीश बांगड़ एवं नितेश राठी का चयन किया गया है। वहीं, प्रदेश सभा में इटारसी का प्रतिनिधित्व वरिष्ठ सदस्य मेघराज राठी करेंगे। इन नियुक्तियों से समाज के प्रशासनिक कार्यों में नई ऊर्जा आने की उम्मीद जताई गई है।
इस अवसर पर समाज के अनेक गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे, जिनमें मुख्य रूप से मेघराज राठी, रमेश चांडक, प्रदीप मालपानी, अनिल राठी, विजय राठी, रवि चेचानी, गिरधारी बांगड़, प्रहलाद बंग, हितेश चांडक, ओमप्रकाश गांधी, कमल लखोटिया, सुरेश सारडा, नितेश राठी, विपिन चांडक, निलेश मालपानी, राघव राठी, नारायण चांडक और पंकज बांगड़ सहित बड़ी संख्या में सामाजिक बंधु उपस्थित थे। सभी ने एकजुट होकर समाज के उत्थान के लिए कार्य करने का संकल्प लिया।










